
Congress Internal Dispute: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत चल रही है, लेकिन सीटों के बंटवारे से पहले कांग्रेस के अंदर ही विरोध के सुर उठने लगे हैं। सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के कामकाज पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी में कुछ लोग बिना किसी से सलाह लिए फैसले कर रहे हैं। उन्होंने 200 सीटों पर चुनाव लड़ने के एलान से लेकर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के कामकाज पर भी नाराजगी जताई है। इससे पार्टी के अंदर चल रही खींचतान सामने आ गई है।
कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के काम करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में फैसले लेने से पहले सांसदों तक से राय नहीं ली जा रही है। उनका कहना है कि कुछ लोग अपनी मर्जी से फैसले कर रहे हैं। इससे पार्टी को नुकसान हो रहा है। राठौर ने कहा कि किसी से राय लिए बिना 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर दिया गया। यहां तक कि सासंदों की राय भी जरूरी नहीं समझी गई। बयानबाजी से हम लक्ष्य से दूर हो रहे हैं। यूपी में सबको साथ लेकर, मिलकर निर्णय करना चाहिए। राहुल गांधी के विचारों को जनता तक पहुंचाने के बजाय खुद की तानाशाही चलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस तेजी से प्रदेश में कांग्रेस का माहौल बना था, उसी तेजी से अब लोगों में निराशा बढ़ रही है। पार्टी को सभी नेताओं को साथ लेकर काम करना चाहिए।
सीतापुर सांसद ने प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बने दो महीने हो चुके हैं, लेकिन अभी तक संगठन को लेकर उनसे कोई बातचीत नहीं हुई है। राठौर ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व की तारीफ करते हुए उनके काम करने के तरीके को बेहतर बताया।
दरअसल, सपा और कांग्रेस के बीच विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर दो दौर की बातचीत हो चुकी है। कांग्रेस की ओर से पहले 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया गया था। इसके बाद सपा की तरफ से कांग्रेस को 181 सीटों की सूची दिए जाने की बात सामने आई। हालांकि, बातचीत आगे बढ़ी तो सपा की ओर से कांग्रेस को फिलहाल 26 सीटों का प्रस्ताव मिला है।
कुछ दूसरी सीटों को लेकर भी बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस के अंदर इस बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। इससे पहले सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद भी बातचीत के तरीके पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उन्हें घेरकर विलन साबित करने की कोशिश की जा रही है, जबकि वह अपनी पार्टी के लिए मांग और संघर्ष कर रहे हैं। मसूद ने यह भी कहा था कि भाजपा को हराने की पूरी जिम्मेदारी अकेले उनके कंधों पर नहीं है।
इस बीच कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान की तैयारी भी शुरू कर दी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दिसंबर से प्रदेश में चुनावी रैलियां करेंगी। सहारनपुर से अभियान की शुरुआत के बाद दोनों नेता आगरा, प्रयागराज और वाराणसी समेत दूसरे जिलों में भी रैली करेंगे।
पिछले दिनों प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी के साथ राहुल और प्रियंका गांधी की बैठक हुई थी। इसमें दिसंबर से चुनावी रैलियां शुरू करने का फैसला लिया गया था।
सांसद राकेश राठौर के आरोपों पर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सांसद राकेश राठौर के आरोप गलत हैं। मैं तो सबके लिए उपलब्ध रहता हूं। मैं अहंकारी नहीं हूं, ये कहना ठीक नहीं है। अगर उनके मन में कोई बात है तो बैठ कर बातचीत हो जाएगी। इस तरह सपा के साथ सीटों पर समझौते से पहले कांग्रेस को अपने नेताओं के बीच सहमति बनाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।