
UP Congress President Aradhana Mishra Targets BJP: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। आराधना मिश्रा ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर गठबंधन की सरकार बनाने का दावा किया । उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी दलों के साथ गठबंधन की राजनीति के सिद्धांतों पर कायम है और आगे भी इसी नीति पर चलेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सबके साथ खड़ी रही है। पार्टी ने हमेशा गठबंधन की राजनीति के सिद्धांतों का पूरी ईमानदारी से पालन किया है और आगे भी ऐसा ही करेगी। इंडिया गठबंधन में शामिल सभी दलों के राष्ट्रीय नेता एक मंच पर आकर इस गठबंधन के गठन के लिए एकजुट हुए हैं। राज्यों या केंद्र स्तर पर गठबंधन से संबंधित जो भी निर्णय लिए जाएंगे, वे राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य 2027 के चुनाव में भ्रष्ट और विफल भारतीय जनता पार्टी की सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना और एक मजबूत गठबंधन की सरकार बनाना है।
मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर भी आराधना मिश्रा ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) ने इस पर एक प्रस्ताव पारित किया है और हम इस प्रक्रिया को तुरंत रोकने की मांग करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में नाम हटा दिए गए हैं, जिससे पूरी चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यह सब तब हो रहा है जब चुनाव आयोग के 3 सदस्यों में से 2 ने अपने ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि, "सत्याग्रह की शुरुआत महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ की थी, जिसने पूरे देश को एकजुट करने का काम किया था। आज देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है और बिल्कुल वैसी ही परिस्थितियों में एक और गांधी ने इस आंदोलन की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के सत्याग्रह को जिस तरह से लोकप्रियता मिल रही है उससे यह साफ हो गया है कि लोग अब उनकी बातों को गहराई से समझ रहे हैं और उनके विचारों से जुड़ रहे हैं।"
राजनीतिक बयानों के अलावा आराधना मिश्रा ने एशियन गेम्स में भारत का परचम लहराने वाले खिलाड़ियों की भी जमकर हौसला-अफजाई की। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक जीत के लिए वह भारत के तिरंगे का सम्मान बढ़ाने वाले हर खिलाड़ी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हैं। उन्होंने सभी स्वर्ण रजत और कांस्य पदक विजेताओं के साथ साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत की सराहना की।