
UP Deputy CM Brajesh Pathak Statement: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माता-पिता के बारे में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। बीजेपी देशभर में खरगे और कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कांग्रेस पर भड़क गए है। लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस को अंजाम भुगतना पड़ेगा।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर मैं राज्य की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। महाकाव्य रामायण की रचना करके, महर्षि वाल्मीकि ने न केवल पूरे देश और दुनिया को भगवान राम के चरित्र से परिचित कराया, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया कि उनके मूल्य हर एक व्यक्ति तक पहुंचें।
डिप्टी सीएम ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं; लेकिन, कांग्रेस पार्टी ने उन्हीं मूल्यों को नीचा दिखाने का प्रयास किया है, जिन्हें भगवान श्री राम ने स्थापित किया था। देश की जनता कभी भी उस तरीके को स्वीकार नहीं करेगी, जिस तरह से कांग्रेस पार्टी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माता-पिता के बारे में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस पार्टी को इसके परिणाम निश्चित रूप से भुगतने पड़ेंगे।
राजधानी लखनऊ में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। हजरतगंज में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लालजी टंडन की प्रतिमा से डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की तस्वीरें लेकर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस से प्रधानमंत्री के प्रति की गई कथित टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग की। यह विरोध प्रदर्शन बीजेपी महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और जिला अध्यक्ष विजय मौर्य के नेतृत्व में किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी के परिवार को लेकर अभद्र टिप्पणी करना सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के अनुरूप नहीं है।