UP Assembly Election 2022 updates. एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने अखिलेश यादव से यूपी चुनाव 2022 के लिए हाथ मिला लिया है।
लखनऊ.UP Assembly Election 2022 updates. उत्तर प्रदेश के चुनावी दंगल में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) (Nationalist Congress Party) भी कूदेगी, वह भी समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के साथ। दोनों दलों में गठबंधन हो गया है। एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार (Sharad Pawar) ने अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) से यूपी चुनाव 2022 (2022 election) के लिए हाथ मिला लिया है। इसकी घोषणा लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के महासचिव केके शर्मा व प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने की। उन्होंने कहा कि यूपी में समाजवादी पार्टी के साथ एनसीपी चुनाव लड़ेगी। सपा अध्यक्ष से इस बारे में चर्चा हो चुकी है। केवल सीटों का चयन होना बाकी है।
कई मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी एनसीपी-
पार्टी महासचिव केके शर्मा ने कहा कि हमारी पार्टी यूपी में कई मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। महाराष्ट्र की तरह यहां पर भी हम मुख्य विपक्षी पार्टियों के साथ जाएंगे और सपा संग मिलकर भाजपा को हराएंगे। उन्होंने आगे कहा कि जो भी समान विचारधारा की पार्टी होंगी। उनके साथ हम गठबंधन करेंगे। शरद पवार और अखिलेश यादव ने फोन पर बातचीत कर ली है। अभी सीटों को लेकर चर्चा नहीं हुई है।
भाजपा पर साधा निशाना-
केके शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश का हाल बुरा है। इसे सुधारना होगा। पार्टी सुप्रीमो शरद पवार ने स्पष्ट कहा है कि यूपी में एनसीपी को युवाओं, किसानों और महिलाओं की आवाज उठानी होगी। यूपी में वहां लोकतंत्र के लिए भाजपा सरकार खतरा पैदा कर रही है। हर आवाज उठाने वाले पर कार्रवाई की जा रही है। उसकी आवाज को दबाया जा रहा है। यूपी में धर्म परिवर्तन कानून पर उन्होंने कहा कि जबरन धर्म परिवर्तन करना गलत है पर यदि इच्छा से कोई धर्म परिवर्तन कर रहा है तो इसमें किसी को क्या आपत्ति है।
1 अगस्त से ‘प्रदेश बचाओ संविधान बचाओ’ आंदोलन-
प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने बताया की एनसीपी 1 अगस्त से प्रदेश भर में ‘प्रदेश बचाओ संविधान बचाओ’ आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि यूपी में किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं लेकिन उनकी नहीं सुनी जा रही है। एनसीपी भी इस मुहिम में किसानों के साथ है। हम गांव गांव जाकर इस अभियान को चलाएंगे