महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने का वादा करने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपनी पार्टी के वादे को याद दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश की एक करोड़ महिलाओं को पत्र भेजेंगी। प्रियंका गांधी महिला मतदाताओं को पोस्टकार्ड के जरिये संदेश भेजेंगी। गुलाबी रंग के इस पत्र को 'शक्ति संवाद' नाम दिया गया है।
महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने का वादा करने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपनी पार्टी के वादे को याद दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश की एक करोड़ महिलाओं को पत्र भेजेंगी। प्रियंका गांधी महिला मतदाताओं को पोस्टकार्ड के जरिये संदेश भेजेंगी। गुलाबी रंग के इस पत्र को 'शक्ति संवाद' नाम दिया गया है। इस पत्र के जरिये महिलाओं से प्रियंका गांधी चुनाव में समर्थन मांगेंगी, ताकि राज्य की सत्ता पर पार्टी आ सके। प्रियंका, महिलाओं को उनसे किए वादों की याद दिलाएंगी और बताएंगी की पार्टी ने अपने वादों के मुताबिक 40 फीसदी टिकट महिलाओं को दिए हैं। इस पत्र में मोबाइल फोन नंबर दिया गया है, जिसे डायल करते ही 'हेलो प्रियंका' आवाज सुनाई देगी। उन्हें यह भी बताया जाएगा कि महिलाओं से किए गए वादे का लाभ पाने के लिए उन्हें कौन सा नंबर डालकर पंजीकरण करना है। लिहाजा महिलाओं को इस नंबर पर ये जानकारी देनी होगी कि राज्य में सरकार बनने के बाद वह किस योजना का लाभ लेना चाहती हैं।
शक्ति संवाद में कही ये बात
इस पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा है, 'इस चिट्ठी के जरिये आपसे शक्ति संवाद स्थापित कर रही हूं। इतिहास के बड़े हिस्से में जो गुमशुदा है, वो महिला है। मेरा अटूट विश्वास है कि महिलाएं अगर घर चला सकती हैं तो देश भी चला सकती हैं। आपने पिछले दिनों कोरोना की मार सही और बढ़ती महंगाई की वजह से सिसकती रसोई का दर्द भी झेला। समाज में कोई भी विपदा आ जाए, उसकी सबसे ज्यादा कीमत महिलाएं चुकाती हैं। ऐसे में कांग्रेस चाहती है कि उप्र में सरकार बने जिसमें बिजली के बिल से लेकर बच्चों की फीस तक के बारे में फैसला महिलाएं करें। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने इस चुनाव में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट दिया है ताकि हर कानून बनने से पहले यह सोचा जाए कि एक आम महिला पर उसका क्या असर पड़ेगा।'
टोल फ्री नंबर पर जानें जानकारी
कांग्रेस द्वारा महिलाओं के लिए किए गए वादों का उल्लेख करने के अलावा इस पत्र में एक टोल फ्री नंबर 8303000066 भी दिया गया है। इस नंबर को डायल करने पर महिलाओं को बताया जाएगा कि किस योजना के लिए कौन सा नंबर दबाना है और रजिस्ट्रेशन कराना है। जैसे कि अगर किसी महिला को नौकरी चाहिए तो उसे 1 दबाना होगा, स्मार्ट फोन चाहिए तो दो नंबर दबाना होगा। इसी तरह 25 हजार रुपये की कोरोना आर्थिक सहायता के लिए 3 और मुफ्त सिलेंडर के लिए 4 और ‘मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं अभियान के लिए 5 दबाकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।