लखनऊ

‘हम क्या किसी से भीख मांग रहे हैं?’, इकरा हसन के बयान पर इमरान मसूद का पलटवार, जानिए शिवपाल को लेकर क्या बोले MP

MP Imran Masood Latest News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इकरा हसन के बयान पर इमरान मसूद ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस किसी से गठबंधन की भीख नहीं मांग रही है। उन्होंने शिवपाल यादव के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।
2 min read
• •
Sep 26, 2026
Imran Masood Statement, SP Congress Alliance,
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद (फोटो - एएनआई)

MP Imran Masood Latest News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। सपा सांसद इकरा हसनके 'बिना गठबंधन कांग्रेस कुछ नहीं पाएगी' वाले बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पलटवार किया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर गठबंधन नहीं करना है तो ना किया जाए, कांग्रेस अपने काम पर लगी हुई है।

'हम क्या किसी से भीख मांग रहे हैं?'

सांसद इमरान मसूद ने इकरा हसन के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गठबंधन के लिए कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है। उन्होंने कहा, "न करें गठबंधन, कौन कह रहा है? हम क्या किसी से भीख मांग रहे हैं? जिसको जो करना है, वह करे।"

इमरान मसूद ने आगे कहा कि जब बारात निकलती है तो उसमें कई ढोल बजाने वाले और नाचने-गाने वाले भी होते हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों को अपना काम करने दिया जाए और कांग्रेस अपने काम पर ध्यान दे रही है।

शिवपाल यादव के बयान पर भी साधा निशाना

कांग्रेस सांसद ने सपा विधायक शिवपाल यादव के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह उनकी सोच हो सकती है और कांग्रेस अपने काम में लगी हुई है। इमरान मसूद ने दावा किया कि शिवपाल यादव पार्टी के भीतर ही अप्रासंगिक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर शिवपाल यादव अपने नेता से इस बारे में बात करते हैं, तभी उनके बयान का कोई मायना होगा। उनके मुताबिक, इसके अलावा शिवपाल यादव की बातों का कोई खास महत्व नहीं है।

इमरान मसूद ने कहा कि राजनीतिक दलों में कई लोग अलग-अलग तरह की बातें करते रहते हैं और इससे कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने एक बार फिर बारात और ढोल बजाने वालों का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे बयानों से कांग्रेस अपने काम से नहीं हटेगी।

शिवपाल यादव ने कहा था- कांग्रेस को वोट नहीं मिलना है

दरअसल, इससे पहले सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव ने एक बयान में कहा था कि कांग्रेस को वोट नहीं मिलना है। उनके इस बयान के बाद सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चल रही बयानबाजी और तेज हो गई।

सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने कांग्रेस नेताओं पर उठाए सवाल

वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयानों पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयान 'इंडिया गठबंधन' को नुकसान पहुंचाने वाले हैं और इससे भारतीय जनता पार्टी को फायदा मिल सकता है।

रमाशंकर राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला राहुल गांधी और अखिलेश यादव करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की ओर से आने वाले ऐसे बयान केवल दबाव बनाने के लिए दिए जा रहे हैं। सपा सांसद ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों को लेकर अपनी पार्टी की नाराजगी भी जाहिर की।

Updated on:
26 Sept 2026 12:23 pm
Published on:
26 Sept 2026 12:11 pm