Yogi Adityanath Holi free cylinder : होली पर यूपी सरकार उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर देने जा रही है। जानें कब तक बैंक खातों में सब्सिडी की राशि ट्रांसफर हो सकती है और कौन होंगे पात्र।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में इस बार भी होली के मौके पर गरीब महिलाओं को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की तैयारी है। राज्य सरकार पिछले वर्ष की तरह इस बार भी लाभार्थियों को यह सौगात देने जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से लौटने के बाद 28 फरवरी या 1 मार्च तक पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिल सकता है। हालांकि सब्सिडी की राशि किस तारीख को खातों में ट्रांसफर होगी, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
इस योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिलेगा, जिन्हें प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना के तहत गैस कनेक्शन मिला हुआ है। यानी पहले से उज्ज्वला योजना की पात्र महिलाओं को ही मुफ्त सिलेंडर का लाभ दिया जाएगा।
नियमों के अनुसार, लाभार्थी को पहले गैस एजेंसी से सिलेंडर खरीदना होगा। इसके बाद सिलेंडर की पूरी कीमत सब्सिडी के रूप में सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
सरकार की ओर से लाभार्थियों तक योजना का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। ब्लॉक स्तर पर पात्र महिलाओं की सूची तैयार कर पूर्ति निरीक्षकों को सौंप दी गई है। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, ताकि किसी भी लाभार्थी को परेशानी न हो और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।