मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति बनेंगे माननीय, जानिए और कौन कौन बन रहा विधायक
लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानपरिषद की 13 सीटों के चुनाव के लिए सोमवार यानि 9 अप्रैल को अधिसूचना जारी की जाएगी। वहीं नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। 17 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 19 अप्रैल तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। यूपी चुनाव आयोग के बयान के अनुसार इन 13 सीटों पर 26 अप्रैल को चुनाव होगा।
मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति बनेंगे माननीय
वहीं भारतीय जनता पार्टी को जो 11 चेहरे चुनने हैं। उनमें चार की तस्वीर लगभग तय मानी जा रही है। इसमें दो सरकार के मंत्री डॉ़. महेंद्र सिंह और मोहसिन रजा हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री के लिए अपनी सीट छोड़ने वाले सपा से आए यशवंत सिंह का नाम भी अंतिम माना जा रहा है। एक सीट अपना दल के खाते में जाने के आसार हैं, जिस पर अनुप्रिया पटेल के पति आशीष सिंह 'माननीय' बन सकते हैं।
दलित चेहरों को लगाएगी आगे
भारतीय जनता पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए अब पिछड़ी व अति पिछड़ी जातियों पर नजर गड़ाए है। सूत्रों की मानें तो विधान परिषद में कम से कम पांच सीटों पर अति-पिछड़ों और दलित समुदाय से जुड़े चेहरों को भेजेगी। इसमें कुछ चेहरे मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान सरकार का हिस्सा भी हो सकते हैं। जिन दलित चेहरों को आगे बढ़ाए जाने की चर्चा है, उनमें प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, एससी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश चंद रतन और पूर्व डीजीपी बृजलाल शामिल है। रमेश रतन हाथरस के रहने वाले हैं और वेस्ट यूपी में भाजपा को सबसे अधिक दलित वोटरों को समेटने की चुनौती है। वहीं बृजलाल कोरी भी बसपा की रणनीति का जवाब बन सकते हैं। पिछड़े चेहरों में प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, प्रदेश टीम में शामिल जसवंत सैनी और बाबूराम निषाद का भी चर्चा है।
बताते चलें कि विधान परिषद की यह तेरह सीटें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव , सपा छोड़कर बसपा में शामिल हो गए अम्बिका चौधरी, प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री मोहसिन रजा, सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश चन्द्र उत्तम, सपा के प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी के अलावा उमर अली खान, मधु गुप्ता, प्रदेश सरकार के मंत्री डा.महेन्द्र कुमार सिंह,चौधरी मुश्ताक, राम सकल गुर्जर, डा.विजय यादव, डा.विजय प्रताप और सुनील कुमार के पांच मई को खत्म हो रहे कार्यकाल के चलते रिक्त हो रही हैं।
एेसा माना जा रहा है कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी चुनाव मैदान में उतरेंगे। यानि चुनाव दिलचस्प मोड़ लेगा।