लखनऊ

Petrol Diesel Sav: पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए साइकिल पर निकले मंत्री सुरेश खन्ना, हर हफ्ते निभाएंगे संकल्प

Cycle To Office Suresh Khanna: वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उन्होंने पेट्रोल-डीजल बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय आने-जाने का संकल्प लिया।

4 min read
May 14, 2026
सरकारी आवास से विधानसभा कार्यालय तक साइकिल चलाकर पहुंचे वित्त मंत्री, बोले- “ईंधन बचाना देशहित में जरूरी” (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)
सरकारी आवास से विधानसभा कार्यालय तक साइकिल चलाकर पहुंचे वित्त मंत्री, बोले- “ईंधन बचाना देशहित में जरूरी” (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

UP Minister Suresh Khanna Cycles to Office: उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को एक अनोखी पहल करते हुए अपने सरकारी आवास से विधानसभा स्थित कार्यालय तक साइकिल से सफर किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने यह कदम उठाया।

सुबह जब वित्त मंत्री 10 कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से साइकिल चलाकर विधानसभा के लिए निकले तो राह चलते लोग भी उन्हें देखकर हैरान रह गए। मंत्री ने न केवल साइकिल चलाकर एक सकारात्मक संदेश दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर लोगों को जागरूक करने की भी कोशिश की।

सप्ताह में एक दिन साइकिल से जाएंगे कार्यालय

विधानसभा पहुंचने के बाद मंत्री सुरेश खन्ना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अब प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन कार्यालय आने-जाने के लिए साइकिल का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित से जुड़ा विषय है। सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की है। देशहित में हम सभी का कर्तव्य बनता है कि ईंधन की बचत करें। इसी सोच के साथ मैंने सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय जाने का निर्णय लिया है।”

विदेशी मुद्रा बचाने की अपील

वित्त मंत्री ने कहा कि भारत को अपनी जरूरत का लगभग 85 से 86 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करना पड़ता है। इसके लिए भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। ऐसे में अगर देश के नागरिक ईंधन की खपत कम करें तो इससे न केवल आर्थिक बचत होगी, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा,“हमारा राष्ट्रीय दायित्व है कि हम पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधनों की बचत करें। जितना अधिक हम ईंधन बचाएंगे, उतना ही देश को फायदा होगा।”

अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का भी जिक्र

सुरेश खन्ना ने वैश्विक हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ऊर्जा संकट एक बड़ा मुद्दा बन चुका है। उन्होंने कहा कि दुनिया में चल रहे संघर्षों और अंतरराष्ट्रीय तनावों का असर सीधे पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर पड़ता है। ऐसे समय में ऊर्जा संरक्षण और वैकल्पिक साधनों को अपनाना समय की जरूरत बन गया है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि छोटी दूरी तय करने के लिए वाहन के बजाय साइकिल या पैदल चलने की आदत विकसित करें।

लोगों ने की पहल की सराहना

वित्त मंत्री की इस पहल को लेकर लोगों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। विधानसभा मार्ग पर मौजूद कई लोगों ने मंत्री को साइकिल चलाते देखा और उनकी इस पहल की सराहना की। कई लोगों का कहना था कि जब सरकार के मंत्री खुद इस तरह का उदाहरण पेश करेंगे तो आम जनता भी प्रेरित होगी। सोशल मीडिया पर भी मंत्री सुरेश खन्ना की तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं। लोग इसे पर्यावरण और देशहित से जुड़ा सकारात्मक संदेश बता रहे हैं।

वर्क फ्रॉम होम और ट्रैफिक कम करने पर सरकार का जोर

गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश में ट्रैफिक कम करने, प्रदूषण रोकने और ईंधन बचाने के लिए कई निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने निजी कंपनियों, आईटी फर्मों और स्टार्टअप्स को सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने के लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी, ट्रैफिक जाम घटेगा और पेट्रोल-डीजल की खपत में कमी आएगी।

स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है साइकिल

सुरेश खन्ना ने कहा कि साइकिल चलाना न केवल ईंधन बचत का माध्यम है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शरीर फिट रहता है और पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे छोटी दूरी के लिए बाइक और कार की बजाय साइकिल का उपयोग करें।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

वित्त मंत्री की यह पहल केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का भी बड़ा संदेश दिया। बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के बीच साइकिल जैसे पर्यावरण अनुकूल साधनों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर बड़ी संख्या में लोग छोटी दूरी के लिए साइकिल का इस्तेमाल शुरू करें तो शहरों में प्रदूषण और ट्रैफिक दोनों कम हो सकते हैं।

जनता से भी सहयोग की अपील

सुरेश खन्ना ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक को देशहित में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति थोड़ी-थोड़ी ईंधन बचत करे तो उसका बड़ा असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है।

सकारात्मक संदेश बना मंत्री का सफर

सरकारी आवास से विधानसभा तक मंत्री सुरेश खन्ना का साइकिल सफर अब चर्चा का विषय बन गया है। इस पहल को लोग सादगी, जिम्मेदारी और जन जागरूकता से जोड़कर देख रहे हैं। जहां एक ओर बढ़ती ईंधन कीमतें और प्रदूषण चिंता का विषय बने हुए हैं, वहीं मंत्री की यह पहल लोगों के लिए प्रेरणा का संदेश बनकर सामने आई है।

Updated on:
14 May 2026 05:20 pm
Published on:
14 May 2026 05:09 pm