
UP Politics:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक्सप्रेसवे वाले बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने जोरदार पलटवार किया है। योगी सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी और अनिल राजभर ने सड़क निर्माण को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। दोनों मंत्रियों ने पिछली सपा सरकार पर भ्रष्टाचार और सैफई परिवार के लिए लूट के आरोप लगाए हैं। साथ ही कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे का नेटवर्क तेजी से बढ़ा है।
मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि, "समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान सड़क और एक्सप्रेसवे निर्माण में किस तरह की लूट हुई यह बात सभी लोग जानते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पूरे कार्यकाल में सिर्फ एक एक्सप्रेसवे बना था और उसमें सामने आए भ्रष्टाचार के किस्सों से पूरा राज्य वाकिफ है।" चौधरी ने सपा प्रमुख को नसीहत देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सब जानती है इसलिए अखिलेश यादव को इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए।
वाराणसी में मंत्री अनिल राजभर ने भी सपा प्रमुख पर करारा हमला बोला। राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में राज्य में जो सड़कें बनीं, वे केवल सैफई परिवार के भ्रष्टाचार के लिए बनाई गई थीं। वे लूट के लिए बनाई गई थीं। उन्होंने कहा कि हम जो काम कर रहे हैं, उसे पूरा राज्य देख रहा है। सत्ता हासिल करने की लालसा आपको तरह-तरह के झूठ बोलने पर मजबूर कर रही है, और हम इसे हर दिन देखते हैं।
अनिल राजभर ने मौजूदा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज पूरे देश में सबसे ज्यादा निवेशक उत्तर प्रदेश में आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने यूपी को एक एक्सप्रेसवे स्टेट बनाने का काम किया है। राजभर ने बताया कि आज सरकार की मेहनत का ही नतीजा है कि देश के कुल 56 प्रतिशत एक्सप्रेसवे केवल उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं। सरकार जो भी शानदार काम कर रही है उसे पूरा प्रदेश बहुत अच्छी तरह से देख रहा है।