लखनऊ

UP MLC Result: ‘जुलूस न निकालें’, चुनाव में जीत के बाद अखिलेश की विजयी उम्मीदवारों से खास अपील; भाजपा को लेकर कही यह बड़ी बात

Akhilesh Yadav on UP MLC Election Result: यूपी एमएलसी चुनाव के नतीजों के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जीते हुए प्रत्याशियों को बधाई देते हुए खास अपील की है। इसके साथ ही सपा प्रमुख ने आगरा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल को लेकर भी बड़ी बात कही।
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 12:34 PM IST
Samajwadi Party President Akhilesh Yadav
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Photo IANS)

UP MLC Result 2026: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर अपनी पार्टी के विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी है। जीत की खुशी के बीच सपा प्रमुख ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एक खास अपील करते हुए विजय जुलूस न निकालने की सख्त हिदायत दी है।

अग्रवाल समाज के अपमान पर जताया दुख

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट करते हुए लिखा कि, "आपको और आपके साथियों को जीत की बहुत-बहुत बधाई। PDA यानी पिछड़ा दलित और अल्पसंख्यक में A का मतलब अब तो अग्रवाल और अग्रवंशी भी है। उन्होंने कहा कि डॉ आकाश अग्रवाल के साथ भाजपाइयों ने जिस तरह से आंखों में आंसू लाने और कपड़े फाड़ने का दुर्व्यवहार किया है उससे पूरा अग्रहरि समाज बेहद आहत और अपमानित महसूस कर रहा है। आज अग्रहरि समाज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और हमारा नारा भी यही है कि जो पीड़ित है वह पीडीए है।"

बता दें कि आकाश अग्रवाल की चर्चा सिर्फ मतगणना के हंगामे की वजह से नहीं हो रही। मतदान के दौरान दिया गया उनका बयान भी काफी चर्चा में रहा था। उस समय आकाश मीडिया से बात करते हुए कैमरे के सामने ही रो पड़े थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके परिवार और समर्थकों को परेशान किया जा रहा है। उनके साथ ऐसा बर्ताव हो रहा है, जैसे वह पाकिस्तान से आए कोई आतंकवादी हों।

'अग्रवाल समाज के साथ आने से बढ़ी ताकत'

सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि आज जब पूरा अग्रवाल समाज हमारे साथ आ गया है तो हमें लग रहा है कि, हमारी ताकत कई गुना बढ़ गई है। शैक्षिक और व्यावसायिक रूप से इतने महत्वपूर्ण और सशक्त समाज के साथ आने से हमारा जनाधार और मनोबल काफी बढ़ा है। अखिलेश ने दावा किया कि अब PDA की लड़ाई सच में 5 फीसदी भाजपाई बनाम 95 फीसदी PDA की हो गई है। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श कल भी हमारे प्रकाश स्तंभ थे, आज भी हैं और कल भी रहेंगे।

'कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं'

अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शांत रहने की हिदायत दी। उन्होंने लिखा कि, "हमें इस जीत को शांति से सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाना है। कोई हो हल्ला या जुलूस नहीं निकालना है। जिससे भाजपाई हमारे बीच घुसकर माहौल को बिगाड़ न पाएं और हम पर हुड़दंग का आरोप न लगा सकें। उन्होंने कहा कि सामने विधानसभा चुनाव हैं और भाजपा गुंडागर्दी की साजिश करके कभी भी हमारी छवि बिगाड़ सकती है।

जीत में सहयोग करने वालों का होगा सम्मान

अखिलेश यादव ने जीते हुए सभी MLC उम्मीदवारों से कहा कि हम आप सबका अभिनंदन स्वयं करेंगे और हो सका तो आपके क्षेत्र में आकर करेंगे। उन्होंने सभी जीते हुए प्रत्याशियों को निर्देश दिया कि वे उन लोगों की एक लिस्ट बना लें जिन्होंने इस जीत में उनका समर्थन और सहयोग किया है। अखिलेश ने वादा किया कि समाजवादी पार्टी ऐसे सभी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों और शुभचिंतकों का पूरा सम्मान करेगी।