लखनऊ

UP IPS Officers Transfer: यूपी में 20 IPS अफसरों के तबादले, रविना त्यागी को बाराबंकी की कमान; देखें पूरी लिस्ट

Uttar Pradesh IPS Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 20 IPS अधिकारियों का तबादला कर दिया है। मुजफ्फरनगर, जौनपुर और गाजीपुर समेत 11 जिलों के कप्तान बदले गए हैं। देखिए पूरी लिस्ट...
2 min read
• •
Oct 07, 2026
UP IPS Transfer List, Uttar Pradesh IPS Transfer, 20 IPS Officers Transfer
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। फोटो-IANS

UP IPS Transfer List: उत्तर प्रदेश में बुधवार को पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 20 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में बाराबंकी, जौनपुर, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर और बागपत समेत कई जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए गए हैं। इस कार्यवाही में एडीजी स्तर के अधिकारियों से लेकर कई जिलों के पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यक्षेत्र में अहम बदलाव किए गए हैं।

सतीश गणेश से अपराध का प्रभार लिया वापस

जारी की गई तबादला सूची के मुताबिक 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी ए. सतीश गणेश अब केवल अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनसे अपर पुलिस महानिदेशक अपराध का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। यह प्रभार अब 1998 बैच के आईपीएस और अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं भगवान एस. श्रीवास्तव को सौंप दिया गया है।

रवीना त्यागी बाराबंकी की SP बनीं, विजयवर्गीय लखनऊ भेजे गए

लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी रवीना त्यागी को अब बाराबंकी जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी देकर भेजा गया है।

यशवीर सिंह को जौनपुर और ईराज राजा को बलिया की कमान

बस्ती के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह का ट्रांसफर जौनपुर के एसपी पद पर किया गया है। जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को PAC मुख्यालय लखनऊ भेज दिया गया है। इसके अलावा गाजीपुर के SP ईराज राजा को बलिया जिले का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। विनय कुमार सिंह को जालौन से हटाकर गाजीपुर के SP की जिम्मेदारी दी गई है।

मुजफ्फरनगर और मऊ के कप्तान भी बदले गए

बागपत के SP सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार को प्रयागराज में PAC की चौथी वाहिनी का सेनानायक बनाकर भेजा गया है। पीएसी प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का SP बनाया गया है जबकि मऊ के SP कमलेश बहादुर को डीजीपी मुख्यालय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक लोक शिकायत के पद पर तैनाती दी गई है।

इन अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी हुआ अहम बदलाव

DGP के स्टाफ ऑफिसर पूर्णेंदु सिंह को बागपत का नया SP बनाया गया है। आजमगढ़ के SP सिटी मधुवन कुमार सिंह को हापुड़ का SP और मथुरा के अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत को जालौन का SP नियुक्त किया गया है। आजमगढ़ के SP ग्रामीण चिराग जैन को बरेली का SP सिटी और बरेली के SP सिटी मानुष पारीक को आजमगढ़ का SP सिटी बनाया गया है। हरदोई के सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण को मथुरा का अपर पुलिस अधीक्षक बनाकर भेजा गया है।