लखनऊ

UP Roadways: लखनऊ से इन 3 शहरों के लिए चलेंगी 20 नई ई-बसें, जानें किराया और कब से शुरू होगी सेवा

UP Roadways 250 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की तैयारी में है। इनमें 20 AC ई-बसें लखनऊ से बनारस, प्रयागराज और बहराइच के लिए चलेंगी। एक चार्ज में ये बसें 300-350 KM तक चल सकेंगी।
2 min read
Aug 27, 2026
UP Roadways Electric Bus UP Roadways News Electric Bus in UP
लखनऊ से 3 शहरों के लिए दौड़ेंगी नई ई-बसें (photo- @ _star_shadow_07)

UP Roadways Electric Bus: उत्तर प्रदेश में रोडवेज बसों का सफर आने वाले दिनों में बदलने वाला है। यात्रियों को जल्द ही पुरानी डीजल बसों की जगह नई एसी इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि इन बसों के आने से सड़क पर धुआं छोड़ने वाली पुरानी बसों की संख्या भी धीरे-धीरे कम होगी।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने 250 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें से 20 बसें लखनऊ क्षेत्र के लिए प्रस्तावित हैं। इन्हें पहले चरण में लखनऊ से बनारस, प्रयागराज और बहराइच के रूट पर चलाने की योजना है। प्रस्ताव को रोडवेज मुख्यालय भेज दिया गया है और करीब तीन महीने के भीतर इन बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

पुरानी जनरथ बसों की जगह लेंगी ई-बसें

रोडवेज के बेड़े में वर्ष 2016 में शामिल की गईं एसी जनरथ बसें अब धीरे-धीरे अपनी निर्धारित उम्र पूरी करने की ओर हैं। जैसे-जैसे ये बसें बेड़े से बाहर होंगी,उनके स्थान पर एसी इलेक्ट्रिक बसें उतारने की तैयारी है। नई ई-बसों की सबसे बड़ी खासियत उनकी रेंज होगी। एक बार पूरी तरह चार्ज होने के बाद ये बसें करीब 300 से 350 किलोमीटर तक चल सकेंगी। इससे लंबी दूरी के रूट पर इलेक्ट्रिक बसों को इस्तेमाल करने में आसानी होगी।

लखनऊ से इन तीन शहरों के लिए शुरू होगी सेवा

पहले चरण में लखनऊ से तीन प्रमुख रूट चुने गए हैं।

  • लखनऊ-बनारस
  • लखनऊ-प्रयागराज
  • लखनऊ-बहराइच

रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक, इन रूटों पर फिलहाल एसी जनरथ बसों का संचालन किया जा रहा है। पुरानी बसों के हटने के साथ धीरे-धीरे उनकी जगह नई इलेक्ट्रिक बसें ले सकती हैं। लखनऊ क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन के मुताबिक, 20 एसी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। उनका कहना है कि इन बसों के आने से यात्रियों को ज्यादा सुविधाजनक और सुरक्षित सफर मिल सकेगा।

तीन महीने के भीतर शुरू हो सकता है संचालन

रोडवेज प्रशासन की योजना के मुताबिक नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन अगले तीन महीने के भीतर शुरू किया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए बसों की खरीद और संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा करना होगा। ई-बसों की संख्या बढ़ने से लंबी दूरी के सार्वजनिक परिवहन में डीजल पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी यह एक कदम माना जा रहा है। खासकर शहरों के बीच चलने वाली एसी बस सेवाओं में इलेक्ट्रिक बसों की एंट्री यात्रियों के लिए नया अनुभव होगी।

रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री सफर

इसी बीच रक्षाबंधन को लेकर रोडवेज यात्रियों के लिए एक और खास सुविधा दी गई है। 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक महिलाओं और बहनों को रोडवेज और सिटी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस दौरान महिला यात्री अपने साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त सफर करा सकेंगी। यह सुविधा साधारण बसों के साथ-साथ एसी और इलेक्ट्रिक बसों में भी लागू होगी।

पहले से टिकट बुक कराया तो भी मिलेगा लाभ

जिन महिलाओं ने 27 से 29 अगस्त के बीच यात्रा के लिए पहले ही किराया देकर टिकट बुक करा लिया है, उन्हें भी इस योजना का फायदा मिलेगा। रोडवेज प्रशासन के अनुसार, ऐसी यात्रियों को टिकट की रकम वापस की जाएगी। बताया गया है कि 31 अगस्त के बाद रिफंड की प्रक्रिया शुरू होगी और राशि संबंधित यात्री के बैंक खाते में वापस भेजी जाएगी।यानी एक तरफ रोडवेज अपने पुराने डीजल बेड़े को धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक बसों से बदलने की तैयारी कर रहा है, तो दूसरी तरफ त्योहार के मौके पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देकर यात्रियों को राहत देने की कोशिश की जा रही है।

Updated on:
27 Aug 2026 05:36 pm
Published on:
27 Aug 2026 05:36 pm