लखनऊ

एसआईआर से भाजपा के बूथ मैनेजमेंट तक उठे सवाल, 1.27 करोड़ वोटर्स के नाम पर BJP में हलचल, यूपी में चुनावी नेटवर्क की नई घेराबंदी

UP SIR BJP: एसआईआर से उठे सवालों के बीच भाजपा ने यूपी में चुनावी नेटवर्क कसा। अनुभवी संगठन मंत्रियों की तैनाती, बूथ स्तर पर मतदाता सूची की जांच के निर्देश।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 1:32 PM IST
UP Chunav 2027

UP voter list SIR: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) भाजपा की चुनावी रणनीति के केंद्र में आ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एसआईआर के बाद मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने का दावा किए जाने के बाद पार्टी के भीतर बूथ प्रबंधन को लेकर सवाल उठ खड़े हुए हैं। भाजपा के कुछ नेताओं ने सवाल किया है कि जब प्रदेश में पार्टी के 1 लाख 61 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सक्रिय थे, तब इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से कैसे कट गए।

दरअसल एसआईआर के दौरान भाजपा ने प्रदेश में 1 लाख 61 हजार से अधिक बीएलए तैनात किए थे। समाजवादी पार्टी के बीएलए की संख्या करीब 1 लाख 57 हजार और बसपा के बीएलए की संख्या करीब 1 लाख 54 हजार थी। इसके बावजूद मतदाता सूची में बड़ी संख्या में नाम नहीं होने के दावे ने पार्टी के बूथ स्तर के प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा के कुछ नेताओं ने इस स्थिति के लिए संगठनात्मक स्तर पर जवाबदेही तय करने की मांग की है।

6 क्षेत्रों में दूसरे राज्यों के संगठन मंत्रियों की तैनाती

विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के लिए भाजपा ने उत्तर प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में दूसरे राज्यों के अनुभवी संगठन मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के संगठन महामंत्री एन. मधुकर को काशी क्षेत्र, मध्य प्रदेश के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को गोरखपुर क्षेत्र, छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री करमवीर को अवध क्षेत्र और झारखंड के संगठन महामंत्री पवन साय को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह महाराष्ट्र के सह संगठन महामंत्री सतीश धोंड को पश्चिम क्षेत्र और राजस्थान के संगठन महामंत्री अजय कुमार को ब्रज क्षेत्र का दायित्व सौंपा गया है। ये सभी प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ समन्वय करेंगे और अपनी रिपोर्ट केंद्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष को देंगे। इनकी जिम्मेदारी क्षेत्रवार संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ प्रबंधन और विधानसभा चुनाव की तैयारियों की निगरानी करना है।

98 संगठनात्मक जिलों और 403 सीटों पर नजर

भाजपा की योजना प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों और सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे राज्यों के नेताओं और संगठन पदाधिकारियों को भी चुनावी जिम्मेदारी देने की है। इसके तहत ऐसे राज्यों के नेताओं को उत्तर प्रदेश में लगाया जाएगा, जहां निकट भविष्य में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित नहीं हैं। इन नेताओं को स्थानीय संगठन के साथ समन्वय, बूथ स्तर की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की निगरानी का दायित्व दिया जाएगा।

मथुरा में चुनावी रणनीति पर दो दिवसीय मंथन

भाजपा की दो दिवसीय रणनीतिक बैठक सोमवार से मथुरा में शुरू हुई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा पार्टी और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों, एसआईआर, मतदाता सूची, संगठनात्मक गतिविधियों, क्षेत्रवार राजनीतिक स्थिति और चुनावी अभियान को लेकर चर्चा होगी।
पार्टी के सामने एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से बाहर हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने की चुनौती है। इसके लिए बूथवार अभियान चलाने की तैयारी है। भाजपा नेतृत्व की ओर से कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची की जांच करने और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

टिकट चयन की अटकलों पर योगी-पंकज का खंडन

विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के चयन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विराम लगाने की कोशिश की है। कुल 403 में से 209 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की सूची तैयार होने और केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की चर्चाओं को दोनों नेताओं ने खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है और कार्यकर्ताओं से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। भाजपा की संगठनात्मक बैठकों, क्षेत्रवार जिम्मेदारियों और मतदाता सूची से जुड़े अभियान के बीच विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं।

Updated on:
16 Nov 2026, 1:32 PM IST
Published on: