4 साल बाद यूपी TET 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। 2,3, और 4 जुलाई को परीक्षा होगी 27 मार्च से आवेदन शुरू होंगे। OTR अनिवार्य, जल्दी करें अप्लाई, जानें पूरी डिटेल्स और पासिंग मार्क्स।
उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर आई है। यूपी-टीईटी 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। लंबे इंतजार के बाद यह परीक्षा जुलाई में आयोजित होगी। अभ्यर्थी 27 मार्च से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। तय समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उत्तर प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्तर के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 मार्च से शुरू होगी। जबकि फॉर्म भरने और फीस जमा करने की अंतिम तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को फॉर्म में किसी प्रकार की गलती सुधारने और शुल्क संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए 1 मई तक का समय दिया गया है। इस बार आवेदन प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य कर दिया गया है। यानी अभ्यर्थियों को पहले OTR पूरा करना होगा, उसके बाद ही वे यूपी-टीईटी के लिए आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें और अंतिम तारीख का इंतजार न करें।
करीब चार साल बाद यह परीक्षा आयोजित हो रही है। इससे पहले नवंबर 2021 में पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई थी। जिसके बाद जनवरी 2022 में दोबारा परीक्षा कराई गई थी। तब से अब तक यह परीक्षा नहीं हो सकी थी, जिससे लाखों अभ्यर्थी इंतजार कर रहे थे।
परीक्षा पैटर्न की बात करें तो यह पूरी तरह वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) होगी। कुल 150 मिनट की अवधि में आयोजित की जाएगी। जरूरत पड़ने पर परीक्षा एक से अधिक शिफ्ट में भी कराई जा सकती है। पास होने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 150 में से कम से कम 90 अंक (60 प्रतिशत) लाना जरूरी होगा। वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 82 अंक (55 प्रतिशत) तय किए गए हैं। परीक्षा के परिणाम और अंक आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। आयोग ने यह भी कहा है कि अभ्यर्थी आवेदन से पहले अपनी पात्रता और अन्य जरूरी शर्तों की पूरी जानकारी अवश्य जांच लें। ताकि आगे किसी प्रकार की परेशानी न हो।