
अखिलेश यादव फोटो सोर्स @yadavakhilesh X Account
UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी ने आधी आबादी को साधने के लिए बड़ा दांव चला है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा एलान करते हुए कहा कि यूपी में अगर उनकी सरकार बनती है तो प्रदेश की हर 12वीं पास बेटी को लैपटॉप दिया जाएगा। इसके अलावा हर महिला को सालाना 40 हजार रुपये देने की भी बड़ी घोषणा की गई है।
अखिलेश यादव ने अपनी पुरानी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान पहले भी छात्राओं को साइकिल दी जाती थी। अगर जनता ने उन्हें दोबारा मौका दिया तो वे फिर से साइकिल बांटने का काम शुरू करेंगे। इतना ही नहीं सपा प्रमुख ने राज्य में बंद किए गए 26 हजार स्कूलों को भी फिर से खोलने का वादा भी किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने योगी सरकार की हालिया बुजुर्ग महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा वाली 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना' पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि हम यहां कुछ भी नई प्लानिंग करते हैं और सूचना लीक होकर तुरंत सरकार तक पहुंच जाती है। इसी का परिणाम है कि उन्होंने आनन फानन में बुजुर्ग महिलाओं के लिए बस यात्रा फ्री कर दी है। अखिलेश ने कहा कि अब हमें अपने ऑफिस को फुल शील्ड रखना होगा।
इस मौके पर मौजूद मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने भी महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश की आधी आबादी से अपील करते हुए कहा कि आप समाज के पुराने रीति रिवाजों के अनुसार बिल्कुल मत चलिए। किसी भी तरह की बंदिशों में मत बंधिए। उन सभी बेड़ियों को तोड़ते हुए पूरे जुनून और हौसले के साथ अपने काम करिए और जीवन में आगे बढ़िए। हम मजबूती से आपके साथ खड़े हैं। हम लोग मिलकर साथ लड़ेंगे तो भाजपा को हराने का काम मुश्किल नहीं है।
संबंधित विषय:
Updated on:
26 Aug 2026 04:58 pm
Published on:
26 Aug 2026 04:58 pm
