26 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

UP Flood: वाराणसी-प्रयागराज में घाट डूबे, बदायूं में नदी में समाए मकान; जानिए यूपी में बारिश और बाढ़ के नए आंकड़े

UP Flood: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़े हैं। 19 जिले प्रभावित हैं, मकान ढहने और अन्य हादसों में 13 लोगों की मौत हुई। 75 जिलों में अलर्ट है।
3 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ankit Sai

Aug 26, 2026

flood in up gagan ramganga river water logging houses damaged relief efforts

Flood in UP: यूपी में फिर मंडराया बाढ़ का साया | Image Source - Social Media

Uttar Pradesh Rain: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश अब आफत बनती जा रही है। प्रदेश के 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बदायूं में गंगा और रामगंगा का जलस्तर बढ़ने से मकान कटान की चपेट में आ गया, जबकि कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गई हैं। बारिश के कारण मकान गिरने और अन्य हादसों में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बांधों के गेट खुले, गांवों पर मंडराया खतरा

चंदौली में लगातार बारिश के कारण मूसाखांड और लतीफशाह बांध पूरी तरह भर गए हैं। सुरक्षा को देखते हुए इनके गेट खोल दिए गए हैं। वहीं लखीमपुर में शारदा नदी पर बने तमोलिन पुरवा बांध का एक हिस्सा कट गया है। इससे करीब 12 गांवों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ललितपुर में खेड़ार नदी का पानी पुल से करीब तीन फीट ऊपर बह रहा है। यहां सिरसी पुल भी पानी में डूब गया है।

वाराणसी और प्रयागराज में घाट डूबे

वाराणसी में गंगा और प्रयागराज में यमुना नदी का जलस्तर फिलहाल स्थिर है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। दोनों शहरों में कई घाट अभी भी पानी में डूबे हुए हैं। हालात ऐसे हैं कि कुछ जगहों पर सड़कों और छतों पर अंतिम संस्कार किए जा रहे हैं। फर्रुखाबाद में गंगा का पानी लगातार बढ़ रहा है। यहां 70 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया है। 100 से अधिक परिवार बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। अमृतपुर क्षेत्र के कई गांवों में खेत, सड़क और अस्पताल तक पानी की चपेट में आ गए हैं। सूरज हॉस्पिटल में करीब पांच फीट तक पानी भर गया है।

बारिश से हादसे, 13 लोगों की मौत

लगातार बारिश के बीच प्रदेश में हादसों का सिलसिला भी जारी है। पिछले 24 घंटे में बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 13 लोगों की मौत हुई है। महोबा और उन्नाव में मकान गिरने से दो-दो लोगों की जान गई, जबकि सुल्तानपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई। बांदा में नाले के तेज बहाव में चार लोग बह गए, जिनमें तीन की मौत हो गई। इससे पहले वाराणसी में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई थी।

कई जिलों में बारिश जारी, IMD ने जारी किया अलर्ट

बुधवार सुबह से झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर समेत 10 जिलों में बारिश जारी है। राजधानी लखनऊ में भी रुक-रुककर फुहारें पड़ रही हैं। महोबा जिला अस्पताल में पानी भर गया, वहीं इमरजेंसी वार्ड की छत से पानी टपकने लगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 7 जिलों में बहुत भारी बारिश और 33 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी यूपी में बने चक्रवाती सिस्टम और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों तक पूर्वी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।

झांसी में बांध से छोड़ा गया पानी

झांसी में लगातार बारिश के बाद बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते सुकवा-ढुकवा बांध ओवरफ्लो हो गया। बांध से 30 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। वहीं फतेहपुर में तेज बारिश के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में करीब सात कच्चे मकान गिर गए। हालांकि इन हादसों में किसी की जान नहीं गई। प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।

सुल्तानपुर और उन्नाव में दर्दनाक हादसे

सुल्तानपुर के अकारीपुर गांव में बारिश के दौरान कच्चे मकान की दीवार गिर गई। हादसे में संतराम (70) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अमरावती गंभीर रूप से घायल हैं। उन्नाव के मसवासी गांव में भी बारिश के दौरान कच्चे मकान का हिस्सा गिर गया। हादसे के समय हंसराम (65) अपने आठ नाती के साथ छत ठीक कर रहे थे। दोनों मलबे में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।