
UP Government: उत्तर प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विभिन्न जिलों में पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए 85 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस पहल के अंतर्गत गाजियाबाद, बुलंदशहर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, हापुड़ आदि जिलों के महत्वपूर्ण धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थल हैं जिनका पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व है। उदाहरण के लिए, मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में वट वृक्ष के नीचे शुकदेव महाराज ने राजा परीक्षित को पहली बार श्रीमद्भागवत कथा सुनाई थी। इसी प्रकार, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मेरठ, हापुड़ आदि जिलों में सांस्कृतिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक महत्व के अनेक स्थल हैं। पर्यटन की असीम संभावनाओं को देखते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार प्राथमिकता के आधार पर इन स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास कर रही है।
पर्यटन मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश घरेलू पर्यटन में देश में पहले स्थान पर है। विदेशी पर्यटन में भी यह उपलब्धि हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी दृष्टिकोण से निरंतर पर्यटन स्थलों और पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।