लखनऊ

जन्माष्टमी से पहले योगी सरकार का भक्तों को तोहफा, 3 दिन में करिए ब्रज के प्रमुख धामों के दर्शन, जानें टूर पैकेज की पूरी डिटेल

Janmashtami 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने जन्माष्टमी से पहले कृष्ण भक्तों को बड़ा तोहफा दिया है। यूपी पर्यटन निगम ने तीन दिन और दो रात का कृष्ण लीला टूर पैकेज शुरू किया है जिसमें ब्रज के प्रमुख स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। जानिए किराया, यात्रा और पैकेज से जुड़ी सभी जानकारी।
2 min read
Aug 10, 2026
CM Yogi Adityanath
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Krishna Leela Tour Package: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने श्रद्धालुओं को ब्रज धाम की आध्यात्मिक यात्रा का खास उपहार दिया है। विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश अभियान के तहत राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) ने 3 दिन और 2 रात का शानदार कृष्ण लीला टूर पैकेज शुरू किया है। इस विशेष पैकेज के जरिए श्रद्धालुओं को मथुरा, वृंदावन, गोकुल और बरसाना समेत भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इस यात्रा की शुरुआत लखनऊ से (सुबह 8 बजे) होगी।

3 दिन में ब्रज के प्रमुख धामों के दर्शन

कृष्ण लीला टूर पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को तीन दिनों में ब्रज के अलग-अलग धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा में मंदिरों के दर्शन के साथ स्थानीय धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जानने का भी मौका मिलेगा।

ब्रज सर्किट को मिलेगी और मजबूती

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह पैकेज आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही कृष्ण ब्रज सर्किट को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि यह पैकेज विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश अभियान की व्यापक सोच का हिस्सा है। इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश की समृद्ध धार्मिक पर्यटन विरासत को देश और दुनिया के ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा रहा है।

तेजी से बढ़ रही है पर्यटकों की संख्या

जयवीर सिंह ने बताया कि ब्रज क्षेत्र की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। साल 2025 में मथुरा में 10.24 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक आए थे जबकि ब्रज रंगोत्सव 2025 में 44 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था। वहीं साल 2026 के शुरुआती 3 महीनों में ही करीब 1.90 करोड़ पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं जिससे पता चलता है कि ब्रज क्षेत्र पर्यटन के नक्शे पर तेजी से उभर रहा है।

इतना होगा टूर पैकेज का खर्च

पर्यटन विभाग ने परिवारों और छोटे समूहों के बजट और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस टूर पैकेज को काफी किफायती दर पर तैयार किया है। यात्रियों के लिए AC सेडान और क्रिस्टा वाहनों की व्यवस्था की गई है। सेडान गाड़ी का पैकेज प्रति व्यक्ति 10400 रुपये है जबकि क्रिस्टा गाड़ी का पैकेज प्रति व्यक्ति 10150 रुपये रखा गया है। यात्रा के लिए कम से कम 2 यात्रियों का होना जरूरी है। इस पैकेज में होटल में रुकने, नाश्ता, जलपान, हाई टी गाइड और घूमने की सभी सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि दोपहर और रात के खाने का खर्च यात्रियों को खुद उठाना होगा।

तीनों दिन का ऐसा रहेगा शेड्यूल

  • पहला दिन: यात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं को वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर, रंगजी मंदिर, निधिवन वैष्णो देवी मंदिर, अक्षय पात्र मंदिर और प्रेम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।
  • दूसरा दिन: दूसरे दिन श्रद्धालु मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, विश्राम घाट, भूतेश्वर महादेव मंदिर, गोवर्धन धाम संग्रहालय, गीता मंदिर, पोतरा कुंड और गोकुल गांव के दर्शन करेंगे।
  • तीसरा दिन: यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन श्रद्धालु बरसाना में राधारानी मंदिर, इस्कॉन मंदिर और श्री राधा दामोदर मंदिर में दर्शन और पूजन करेंगे। इसके बाद वापस लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।

राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि इस पैकेज को पूरी तरह से श्रद्धालुओं की सुविधा सुरक्षा और बेहतरीन अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह शानदार पहल यात्रियों को ब्रज की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से करीब से परिचित कराएगी।