लखनऊ

योगी सरकार का साइबर सुरक्षा पर फोकस, सरकारी डेटा और डिजिटल सिस्टम होंगे सुरक्षित

Yogi Government Cyber Security: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग और तेजी से बदलती डिजिटल तकनीक के दौर में साइबर सुरक्षा की चुनौतियां भी जटिल होती जा रही हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश को डिजिटल रूप से सुरक्षित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण मंथन हुआ।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 11:54 PM IST
CM Yogi
सीएम योगी (Photo ANI)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी की पहल पर आयोजित विशेष कार्यशाला में शासन-प्रशासन, पुलिस, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने प्रदेश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा, डेटा संरक्षण और साइबर हमलों से बचाव के उपायों पर विचार साझा किए।

गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस कार्यशाला में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और सिस्को सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल हुए।

सुरक्षा तैयारियों के आकलन और साइबर गवर्नेंस पर जोर

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकारी विभागों और महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों का आकलन करना, साइबर गवर्नेंस को मजबूत करना और उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले खतरों से निपटने के लिए संस्थागत क्षमता विकसित करने पर मंथन करना रहा।

डॉ. जीके गोस्वामी ने कार्यशाला के आयोजन और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यशाला में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों, साइबर सुरक्षा पेशेवरों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने प्रदेश में साइबर सुरक्षा के लिए सक्रिय, समन्वित और भविष्य के अनुरूप व्यवस्था विकसित करने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इसमें सरकारी डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों, साइबर हमलों से निपटने की क्षमता और उभरती तकनीकों के अनुरूप सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई।

एआई खतरों, क्वांटम कमजोरियों और घटना प्रबंधन पर मंथन

कार्यशाला में एआई आधारित साइबर खतरों, क्वांटम तकनीक के दौर में संभावित सुरक्षा कमजोरियों, डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही और साइबर घटनाओं के प्रभावी प्रबंधन पर भी विचार-विमर्श किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि सुदृढ़ और भविष्य के लिए तैयार उत्तर प्रदेश के निर्माण में आधुनिक तकनीक की निर्णायक भूमिका है।

दो हजार करोड़ रुपये का यूपी एआई मिशन स्वीकृत

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने दो हजार करोड़ रुपये के यूपी एआई मिशन को स्वीकृति दी है। इसके तहत बच्चों के पोषण की निगरानी जैसी जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान में एआई का उपयोग और युवाओं को प्रशिक्षण देने पर जोर रहेगा। उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों और संस्थाओं से मिशन के तहत प्रस्ताव भेजने का आह्वान किया।

क्वांटम कंप्यूटिंग पर उन्होंने बताया कि सरकार आईआईटी कानपुर के सहयोग से क्वांटम कंप्यूटर स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है। यूपीएसआईएफएस भी स्वदेशी क्वांटम कंप्यूटर लाने की पहल कर रहा है। उन्होंने ग्रामीण युवाओं तक तकनीक की पहुंच बढ़ाने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण, डेटा सेंटर के विस्तार और सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं प्रशिक्षण योजना के तहत निजी कंपनियों को कौशल केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित करने की जानकारी दी।

महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने कहा कि तकनीक की सफलता इस बात से तय होगी कि वह आम व्यक्ति का जीवन कितना आसान और सुरक्षित बनाती है। सरकारी सेवाओं में एआई का इस्तेमाल बढ़ाते समय लाभार्थियों की निजता, गरिमा और भरोसे की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील विभाग में एक गलत प्रविष्टि किसी बच्चे को जरूरी पोषण सेवाओं से वंचित कर सकती है। वहीं, उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिला की जानकारी का खुलासा उसकी सुरक्षा को जोखिम में डाल सकता है। इसलिए कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता जरूरी है। राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव कामिनी चौहान रतन ने कहा कि तकनीक के साथ अनुभव और मानवीय समझ भी जरूरी है।

Updated on:
25 Nov 2026, 11:54 PM IST
Published on:
Also Read
View All
गठबंधन में इतना अपमान सहकर भी साथ क्यों है कांग्रेस? चिराग पासवान ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

पति और रिश्तेदारों की क्रूरता से लेकर दहेज हत्या तक, यूपी में महिलाओं के लिए घर कितना सुरक्षित? डराने वाले हैं NCRB के ये आंकड़े

समाजवादी पार्टी से सीट बंटवारे पर तकरार के बीच इमरान मसूद का बड़ा दांव, मायावती को दिया साथ आने का न्योता, बोले- बहनजी बड़ी नेता हैं

UP Election 2027: ‘राहुल गांधी नहीं, अखिलेश यादव के नेतृत्व में जीता था चुनाव’, इमरान मसूद को शिवपाल पटेल का जवाब

यूपी चुनाव 2027 में कौन होगा BJP का CM चेहरा? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया जवाब, बोले- सबको पता है