
UPTET Result 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के नतीजों का इंतजार अब किसी भी वक्त खत्म हो सकता है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) जुलाई के अंतिम सप्ताह में UP TET का परिणाम जारी करने की पूरी तैयारी में है। नतीजे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर प्रकाशित किए जाएंगे। परीक्षा देने वाले लाखों उम्मीदवार रिजल्ट का लिंक एक्टिव होते ही अपना स्कोरकार्ड सीधे डाउनलोड कर सकेंगे।
आयोग की ओर से यूपी टीईटी परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई, 2026 को आयोजित की गई थी। यह परीक्षा उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर ऑफलाइन मोड में संपन्न हुई थी। इस अहम पात्रता परीक्षा में लगभग 17 लाख उम्मीदवारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। परीक्षा की आधिकारिक आंसर की 8 जुलाई को ही जारी कर दी गई थी।
यूपी टीईटी परीक्षा पास करने के लिए हर वर्ग के अनुसार कटऑफ पहले से ही तय कर दी गई है। जनरल यानी सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को परीक्षा पास करने के लिए कम से कम 60 फीसदी अंक लाने होंगे जिसका मतलब है कि 150 में से 90 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। वहीं OBC, SC, ST और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 55 फीसदी अंक यानी 150 में से 82 अंक हासिल करने होंगे तभी वे क्वालीफाई माने जाएंगे।
यूपी टीईटी 2026 का रिजल्ट और फाइनल आंसर की एक साथ या आगे पीछे जारी होने की पूरी संभावना है। नियम के मुताबिक आयोग पहले आपत्तियों की जांच कर फाइनल आंसर की जारी करता है और उसी के आधार पर रिजल्ट तैयार होता है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से अभी तक परिणाम घोषित करने की कोई आधिकारिक तारीख नहीं बताई गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे रिजल्ट से जुड़े हर लेटेस्ट अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।