लखनऊ

UP Top Ten News: योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, रिवर फ्रंट घोटाले में पूर्व चीफ इंजीनियर गिरफ्तार

एक क्लिक में पढ़े यूपी की टॉप खबरें

5 min read
Nov 20, 2020
UP Top Ten News: योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, रिवर फ्रंट घोटाले में पूर्व चीफ इंजीनियर गिरफ्तार

रिवर फ्रंट घोटाले में पूर्व चीफ इंजीनियर गिरफ्तार

लखनऊ. केंद्रीय जांच ब्यूरो ने 1500 करोड़ रुपये के गोमती रिवरफ्रंट घोटाले में सिंचाई विभाग के पूर्व चीफ इंजीनियर रूप सिंह यादव को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। योगी सरकार ने घोटाले की जांच के लिए हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस आलोक सिंह की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई थी। कमेटी ने घोटाले की रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी। जिसके बाद रूप सिंह यादव समेत सिंचाई विभाग के कई इंजीनियर, ठेकेदारों के खिलाफ लखनऊ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। मामला सीबीआई को जाने के बाद जांच शुरू हुई।करोड़ों के इस घोटाले में रूप सिंह यादव के खिलाफ ईडी ने भी मनी लॉन्ड्रिंग की एफआईआर दर्ज की थी।

तलवार से काटा केक, की हर्ष फायरिंग, अरेस्ट

लखनऊ. लखनऊ के वृंदावन कालोनी में बीच सड़क तलवार से केक काटने व हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। लग्जरी कार बीच सड़क पर खड़ी करके तलवार से केक काटने और अवैध पिस्टल से हर्ष फायरिंग का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ठाकुरगंज पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले युवक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी आईपी सिंह के मुताबिक वृंदावन विहार कॉलोनी निवासी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह का 31 अक्टूबर को जन्मदिन था। उसके दोस्त जन्मदिन मनाने के लिए पहुंचे थे। बीच सड़क पर कार खड़ी करके उसके बोनट पर कई केक रखे गए थे। इसके बाद ज्ञानेंद्र ने तलवार से केक काटे थे। इस दौरान अवैध पिस्टल से कई फायर किए गए थे।

डिफेंस एक्सपो के वाटर डिपिंग ग्राउंड में इंजीनियर का शव

लखनऊ. पीजीआई थानाक्षेत्र के कृष्ण विहार एल्डिको निवासी इंजीनियर रजत बाजपेई अपने दोस्त के साथ स्कूटी से निकला था। घर वालों को रजत ने दोस्त के साथ घूमने जाने की बात कही थी। देर रात तक वापस घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की। संदेह होने पर पुलिस ने डिफेंस एक्सपो के वाटर डंपिंग ग्राउंड में तलाश शुरू की। देर रात करीब एक बजे रजत का शव निकाला गया। उसके सिर व गले में चोट के निशान थे। नाक से खून बह रहा था। रजत रिलायंस कंपनी में इंजीनियर के पद पर तैनात था। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

दादी की गोद में सो रहे मासूम को उठा ले गया तेंदुआ

बहराइच. जिले में तेंदुए के हमले ने लोगों को परेशान कर रखा है। यहां मुर्तिहा रेंज के गोलहना गांव निवासी महिला सुमित्रा अपनी पांच साल की पोती श्रेया (5) को खाना खिला रही थी। इसी दौरान जंगल से एक आया तेंदुआ आया और गोद से मासूम को उठाकर भाग गया। सूचना पाकर ग्रामीण मौके पर जुट गए। वनकर्मी भी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने वनकर्मियों पर पथराव कर दिया, जिससे वन दरोगा समेत पांच कर्मी घायल हो गए। वनकर्मियों के वाहनों को भी ग्रामीणों ने पलट दिया। दो वन दरोगा घटना के बाद से लापता हैं। सात रेंज के वनकर्मी, सीओ तीन थानों की पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। शुक्रवार सुबह बच्ची का शव जंगल में पाया गया।

विकास दुबे केस में 40 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तय

कानपुर. हिस्ट्रीशटर विकास दुबे केस में आईपीएस अनंत देव सस्पेंड करने के बाद एसआईटी जांच में एक एएसपी, दो सीओ समेत 40 पुलिसकर्मियों को दोषी माना गया है। इन पर कार्रवाई तय हो गई है। इनमें तीन पीपीएस अधिकारी और 19 थानेदार हैं। बाकी 18 दरोगा और सिपाही हैं। यह सभी कभी न कभी चौबेपुर क्षेत्र में तैनात रहे हैं। एसआईटी रिपोर्ट आने के बाद एडीजी ने डीआईजी को सभी के खिलाफ जांच का निर्देश दिया है। डीआईजी ने जांच शुरू करा दी है। अब इन सभी को नोटिस दी जाएगी।

10 मिनट में पहुंचकर पुलिस ने बचाई दुष्कर्म पीड़िता की जान

चित्रकूट. जिले में पुलिस की मुस्तैदी से एक दुष्कर्म पीड़िता की जान बच सकी है। दरअसल, मारकुंडी थाना क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने घर में दुपट्टे से फंदा बनाकर पंखे से फांसी लगाने की कोशिश की। उसे पंखे से लटकता देख परिजनों के तत्काल पीआरवी 2036 को सूचना दी। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी पंकज कुमार, मखमल सिंह व देवशरण 10 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंचे। पहुंचने पर पाया कि लड़की ने मकान की बाउंड्री कूद कर अंदर कमरे में खुद को बंद कर लिया है। पुलिसकर्मियों युवती को आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला और न ही दरवाजा खुला। जवानों ने हथौड़े की मदद से दरवाजा तोड़ा तो देखा कि लड़की कमरे में लगे पंखे में अपने दुपट्टे का फंदा लगाकर फांसी लगा ली है। पुलिसकर्मियों ने उसे नीचे उतारा और सीएचसी मानिकपुर में भर्ती कराया।

शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, आरोकी गिरफ्तार

गोरखपुर. पति से अलग रहने वाली महिला को शादी का झांसा देकर युवक ने तीन साल तक शोषण किया। इसकी शिकायत युवती ने पुलिस में दी। पुलिस को दिए तहरीर में महिला ने बताया कि उसकी पांच साल की एक बेटी है। पति से रिश्‍ता टूटने के बाद दुकान में काम करके जीवन यापन करती थी। इसी दौरान उसकी जान पहचान मेडिकल कालेज में कैंटीन चलाने वाले राहुल यादव से हो गई थी। नजदीकी बढ़ने पर राहुल ने मंदिर में शादी कर ली। जिसकी जानकारी उसके पिता, भाई, बहन, मां को भी थी। युवती ने बताया कि वह दो बार गर्भवती हुई जिस पर उसने राहुल पर कोर्ट मैरिज करने का दबाव बनाया।

ताजनगरी में दो साल बाद चलेगी मेट्रो

आगरा. ताजनगरी में दो साल बाद मेट्रो चलाने की तैयारी है। यही नहीं बल्कि फिल्म शूटिंग से लेकर विज्ञापन की दरें अभी से तय कर ली गई हैं। रेल कॉर्पोरेशन के मुताबिक सिकंदरा से ताजमहल पूर्वी गेट तक 14 किमी के पहले कॉरीडोर में दिसंबर 2022 तक छह स्टेशन चालू करने की तैयारी है। वहीं, 2025 तक पूरे शहर में मेट्रो शुरू हो जाएगी। शहर भर में मेट्रो शुरू करने के लिए करीब 8300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यूपीएमआरसी के अधिकारी ने बताया 2025 से करीब 550 करोड़ की आमदनी का अनुमान है। इसमें 480 करोड़ रुपया यात्रियों के किराया से मिलेगा।

बाइक सवार प्रसूता ने रास्ते में दिया बच्चों को जन्म

कन्नौज. कन्नौज जिले में पति के साथ बाइक से मायके जा रही महिला को रास्ते में प्रसव पीड़ा होने लगी। महिला ने बाइकों की आड़ में सड़क किनारे एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। बाद में एंबुलेंस से जच्चा और बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक बच्ची ने दम तोड़ दिया। औरैया निवासी आदित्य कुमार उर्फ दीपू की गर्भवती पत्नी गीता देवी को बाइक से लेकर उसके मायके ग्राम टड़ा रायपुर जा रहे थे। परसादीपुर्वा व जोगनीपुर्वा के बीच गीता देवी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। पति ने सड़क पर बाइक लगाकर पत्नी को किनारे लिटा दिया। पति ने रास्ते से गुजर रहे बाइक सवारों को रोककर मदद मांगी। इन्होंने सड़क किनारे बाइकें लगाकर गीता देवी की मदद की। गीता देवी ने दो बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया। लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस महिला व तीनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। यहां एक बेटी ने दम तोड़ दिया।

विकास दुबे की पत्नी समेत 9 पर मुकदमा दर्ज

कानपुर. हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की पत्नी समेत 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर एसआईटी की एक रिपोर्ट के आधार पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर मोबाइल सिम कार्ड और शस्त्र लाइसेंस लेने का आरोप है। मामले में विकास दुबे के भाई दीपू, बहू अंजली और पत्नी रिचा समेत 9 लोगों पर चौबेपुर थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। एसआईटी ने खुद अपनी जांच के बाद पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। बता दें कि बिकरू कांड की जांच एसआईटी कर रही थी, जांच के दौरान एसआईटी ने बड़ा खुलासा किया था। जांच के दौरान पाया गया था कि कुख्यात विकास दुबे की पत्नी समेत उसके रिश्तेदारों और परिचितों ने फर्जी दस्तावेजों पर सिम लिए थे।

हाउस टैक्स में मनमानी छूट पर रोक, बनेगी अब नई व्यवस्था

लखनऊ. गृह कर के नाम पर दी जा रही मनमाने छूट को खत्म किया जाएगा। इसका परीक्षण किया जा रहा है कि निकायों द्वारा गृहकर पर कितना और किसको-किसको छूट दी जा रही है। नगर निगम अधिनियम और पालिका परिषद अधिनियम में दी गई व्यवस्था के आधार पर निकायों को गृह कर वसूली की सुविधा दी गई है। इसके आधार पर ही शैक्षिक, सामुदायिक और कुछ इस तरह के ही संस्थानों को गृहकर की छूट दी गई है। शासन भी समय-समय पर गृहकर में छूट की सुविधा देता रहा है। यह छूट समय और परिस्थितियों के आधार पर दी गई थीं। निदेशालय का मानना है कि कुछ संस्थानों को छूट की अब जरूरत नहीं है। इसके आधार पर ही यह परीक्षण कराया जा रहा है कि किसको छूट की श्रेणी में रखा जाए और किसी बाहर कर दिया जाए।

Published on:
20 Nov 2020 02:52 pm
Also Read
View All