
Vande Mataram Controversy: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गायन को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रगीत के पूर्ण संस्करण के गायन पर आपत्ति जताई। वहीं कांग्रेस ने इन आरोपों को गलत बताते हुए सफाई दी कि वंदे मातरम के गायन को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी।
इस पूरे मामले में कांग्रेस के पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी सोनिया गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम को लेकर आपत्ति जताना देश के शहीदों की शहादत का अपमान है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि सोनिया गांधी का जन्म विदेश में हुआ है लेकिन उनका विवाह भारत में हुआ है। वो भारत की बेटी नहीं हैं लेकिन भारत की बहू के रूप में उन्हें भारत की धरती ने बड़ा सम्मान दिया है। उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गायन को लेकर कहा कि इसे छोटा करना और इसे गाने पर बेचैनी दिखाना गलत है।
कांग्रेस के दफ्तर में वंदे मातरम को शॉर्ट करना और वंदे मातरम गाए जाने पर बेचैनी होना यह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद करीब 80 सालों में यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम का उद्घोष हुआ।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं बल्कि भारत की भावना से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को वंदे मातरम से परेशानी है, वह देश के शहीदों की कुर्बानी का सम्मान नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के बिना भारत और भारतीयता की कल्पना नहीं की जा सकती है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी इस मामले पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिस ढंग से वंदे मातरम, राष्ट्रगीत का लगातार अपमान कर रही है। ये बहुत दुखद है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए, देश की जनता समय आने पर जरूर उनसे इसका हिसाब मांगेगी, कांग्रेस पार्टी कभी भी वंदे मातरम का या राष्ट्रगीत का सम्मान नहीं करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान सभी को करना चाहिए और इससे किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
वहीं कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया। पार्टी का कहना है कि वंदे मातरम के पूर्ण संस्करण के गायन को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी। कांग्रेस के मुताबिक सोनिया गांधी केवल पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी की बात कर रही थीं, क्योंकि खरगे काफी देर से खड़े थे। पार्टी ने कहा कि बीजेपी इस मामले को बेवजह राजनीतिक मुद्दा बना रही है।