
UP Assembly News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद में समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए राम मंदिर चंदे और E20 पेट्रोल समेत कई मुद्दे उठाए। सपा नेता जाहिद बेग ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया है, हम राम को लाए, हम चंदे को खायेंगें। वहीं, नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए सरकार की नीतियों का बचाव किया। सदन में किसानों, युवाओं और पूर्व जनप्रतिनिधि आलम बदी के निधन पर भी चर्चा हुई।
समाजवादी पार्टी के नेता जाहिद बेग अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी और E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने इन मुद्दों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने पोस्टर पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया है, हम राम को लाए, हम चंदे को खायेंगें इसके अलावा उन्होंने E20 पेट्रोल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि E20 गाड़ियों के लिए नुकसानदायक है। साथ ही 2020 में लागू की गई शिक्षा नीति और छात्रों से जुड़े मामलों का मुद्दा भी उठाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों और राम मंदिर के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के कार्यकाल में किसानों के हितों को नुकसान पहुंचा, वही आज किसानों की बात कर रहे हैं। योगी ने कहा कि सरकार ने अब तक 3.23 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के समय गन्ना किसानों का 10 साल का भुगतान बकाया था।
सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग राम मंदिर का मुद्दा उठा रहे हैं, उनके कार्यकाल में राम भक्तों पर गोलियां चलवाई गई थीं और राम मंदिर निर्माण का विरोध किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान और युवा सरकार की प्राथमिकता हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आउटसोर्स भर्ती निगम के जरिए अगले सप्ताह से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही विपक्ष से नकारात्मकता छोड़कर सकारात्मक चर्चा करने की अपील की।