लखनऊ

विकास दुबे एनकाउंटर मामला पहुंचा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक, सीएम पर लगाया आरोप, कहा- सब स्क्रिप्टेड

कानपुर एनकाउंटर (Kanpur Encounter) के मुख्य आरोपी विकास दुबे (Vikas Dube) की मुठभेड़ में मौत का मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) तक जा पहुंचा है।
2 min read
• •
Updated: 10 Jul 2020, 7:17 PM IST
Vikas Dubey encounter
Vikas Dubey encounter

लखनऊ. कानपुर एनकाउंटर (Kanpur Encounter) के मुख्य आरोपी विकास दुबे (Vikas Dube) की मुठभेड़ में मौत का मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) तक जा पहुंचा है। सोशल मीडिया पर समाजिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखने वाली तहसीन पूनावाला ने आयोग को एनकाउंटर को लेकर शिकायत की है। उन्होंने सीएम योगी व पुलिस अफसरों पर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास दुबे का एनकाउंटर फेक है। तहसीन ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर भी दी है।

स्क्रिप्ट के तौर पर किया गया फेक एनकाउंटर-

उन्होंने अपने आधिकारिक ट्वीट अकाउंट पर लिखा कि मैंने यूपी के नेताओं, योगी आदित्यनाथ सरकार और यूपी के बाकी पुलिस ऑफिसर को बचाने के लिए एक स्क्रिप्ट के तौर पर किये गए आज सुबह के तथाकथित फेक एंकाउंटर को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। तहसीन पूनावाला का यह ट्वीट काफी वायरल भी हो रहा है। आयोग को लिखे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया गया है कि विकास दुबे को इसलिए फर्जी एनकाउंटर में मारा गया ताकि उसके राजनीतिक व पुलिस महकमे में संबंध उजागर न हो पाएं।

शिकायत में गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर के अलावा उसके पांच साथियों के मारे जाने का भी जिक्र है। साथ ही लिखा गया है कि विकास दुबे ने खुद सभी के सामने सरेंडर किया था। तहसीन विकास दुबे की गाड़ी बदलने पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि एमपी से निकलते वक्त वीडियो फुटेज में विकास दुबे टाटा सफारी में बैठा हुआ दिख था, जबकि जो गाड़ी पलटी है वो दूसरी है। ऐसे में इस मामले में जांच के लिए अपील की गई है। आपको बता दे जो गाड़ी शुक्रवार सुबह पल्टी थी वह महिंद्रा की TUV थी, जब्कि विकास जब एमपी से निकला तो वह महिंद्रा स्कॉर्पियों में सवार था।

Published on: