लखनऊ

मौसम विभाग का यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट

Uttar Pradesh Weather पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम 9 फरवरी से करवट लेगा। दिल्ली-यूपी सहित देश के अन्‍य राज्‍यों में भी वर्षा होगी। इसमें लखनऊ समेत आस—पास के कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। जिसके बाद कड़ाके की ठंड पड़ेगी। और घना कोहरा और शीतलहर की भी संभावना है। जानें मौसम कैसा रहने की संभावना है।

2 min read
Feb 08, 2022
Weather Alert: मौसम विभाग का यूपी में शीतलहर और भारी बारिश का अलर्ट

उत्‍तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट बदलेगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बुधवार 9 फरवरी और 10 फरवरी को यूपी के कई जिलों में भारी बारिश होगी। कहीं कहीं ओले गिर सकते हैं। पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हो रही है। इस वजह से यूपी के कई जिलों में शीत लहर का अलर्ट है। गलन से ठंड बढ़ेगी। राजधानी लखनऊ और उससे लगे हुए जिलों में मंगलवार को मौसम का मिजाज साफ और शुष्क रहा। पर ठंडी हवाओं का दौर लगातार चल रहा है। मौसम विभाग का अलर्ट है कि, लखनऊ सहित कई जिलों में बारिश की संभावना है। जिसके बाद कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

मौसम विभाग का अपडेट

मौसम विभाग का अपडेट है कि, अफगानिस्तान से होकर पाकिस्तान से होते हुए जम्मू-कश्मीर से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ से बुधवार को यूपी में झमाझम बारिश होने के आसार हैं। 10 फरवरी को मुख्यत: मौसम साफ रहेगा, पर पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि नौ और 10 फरवरी को बारिश हो सकती है।
इसके बाद दो दिन तो कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। साथ में घना कोहरा और पूर्वी यूपी में शीतलहर की चेतावनी है।

24.8 डिग्री सेल्सियस रहा लखनऊ का अधिकतम तापमान

मंगलवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दो दिनों में प्रदेशभर में अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस के मध्य हो सकता है।

मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान

मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झांसी में 28.5 डिग्री, आगरा में 26.8 डिग्री और वाराणसी में 26.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश का न्यूनतम तापमान मुजफ्फरनगर में 6.4 डिग्री और इटावा में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी का एक्यूआइ मंगलवार को 178 पर दर्ज किया गया। सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झांसी में 28.2 डिग्री, आगरा में 25.8 डिग्री और प्रयागराज में 25.3 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश का न्यूनतम तापमान कानपुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस और फुर्सतगंज में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वेस्ट यूपी में 15 फरवरी तक कोहरा

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ शमीम ने बताया कि, कोहरे का यह आखिरी समय चल रहा है। जनवरी व फरवरी के पहले सप्ताह में बारिश के बाद से मौसम बदला रहा। अमूमन 15 फरवरी तक वेस्ट यूपी व दिल्ली एनसीआर में कोहरा पड़ता है। मंगलवार को भी दिन में दोपहर के समय धूप खिली हुई थी।

यूपी में सप्ताह भर की ठंड बाकी

मौसम विज्ञान विभाग ने वाराणसी में दो दिन बाद बारिश या बादल छाने का अनुमान लगाया है। इसके बाद ठंडी थोड़ी बढ़ सकती है। न्यूनतम तापमान 7°C और अधिकतम 22°C के आसपास रह सकता है। यूपी में अभी सप्ताह भर की ठंड बची है, इसके बाद पारा धीरे-धीरे चढ़ेगा। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि, आज या कल में उत्तराखंड में बारिश हो सकती है। इसका असर यूपी-बिहार तक होने की उम्मीद है। बारिश के बाद हो सकता है कि ठंड थोड़ी सी बढ़ जाए।

Updated on:
08 Feb 2022 10:59 pm
Published on:
08 Feb 2022 08:33 pm
Also Read
View All