Famous Brands Investing in Uttar Pradesh: दावोस में आयोजित WEF के सम्मेलन में उत्तर प्रदेश को 19 हजार करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ है। कोका-कोला, एबी इनबेव, हेनेकेन और अन्य कंपनियों ने यूपी में बड़े निवेश का ऐलान किया है, जो राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा।
Switzerland MoU with UP: स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के सम्मेलन में उत्तर प्रदेश ने वैश्विक निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया है। इस सम्मेलन में यूपी को 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे राज्य की आर्थिक प्रतिष्ठा और भी मजबूत हुई है। प्रमुख वर्ल्ड फेमस ब्रांड और निवेशकों ने राज्य में अतिरिक्त निवेश की इच्छा भी व्यक्त की है। दावोस में यह सम्मेलन 19 से 23 जनवरी तक चला। इस सम्मेलन में कोका-कोला द्वारा मून बेवरेज और एसएलएमजी बेवरेजेज के माध्यम से प्रदेश में दो बॉटलिंग प्लांट स्थापित करने के लिए 2,500 करोड़ से अधिक का निवेश प्रस्ताव मिला है।
इस निवेश से उत्तर प्रदेश में कोका-कोला के बॉटलिंग और वितरण नेटवर्क का विस्तार होगा, जिससे राज्य में कंपनी के संचालन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही, बीयर ब्रांड बडवाइजर की निर्माता कंपनी एबी इनबेव (एन्हेसर-बुश इनबेव) ने यूपी में एक नए डिस्टलरी प्लांट के लिए एक हजार करोड़ रुपये का निवेश करने का समझौता किया है। इसके अतिरिक्त, हेनेकेन ने राज्य में एक डिस्टलरी प्लांट स्थापित करने के लिए 1,500 करोड़ रुपये का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है। एएम ग्रीन्स ने शाहजहांपुर में विमानन ईंधन निर्माण संयंत्र के लिए छह हजार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है, जबकि लाफ्टसलेन ने नोएडा में हाइपर स्केल डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए छह हजार करोड़ रुपये का निवेश करने का फैसला किया है।
बिसलेरी इंटरनेशनल ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या या बाराबंकी में बॉटलिंग प्लांट स्थापित करने के लिए 200 करोड़ रुपये के निवेश का समझौता किया है। इस निवेश से राज्य में बिसलेरी के उत्पादन और वितरण नेटवर्क को विस्तार मिलेगा। इसके अलावा, लार्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज ने प्रदेश में 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव में 300 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र और छतों पर पवन ऊर्जा टरबाइन स्थापित किए जाने की योजना है। ये निवेश उत्तर प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने और हरित ऊर्जा क्षेत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आईटी समाधान और डाटा सेंटर की प्रमुख कंपनी सिफी टेक्नोलॉजी लखनऊ के चक गजरिया आईटी सिटी में एक एआई हब स्थापित करने के लिए 1,000 करोड़ रुपये के निवेश से योजना बना रही है। इसके अलावा, कंपनी राज्य में 150-200 एकड़ भूमि पर एक हाइपरस्केल डाटा सेंटर स्थापित करने के अवसरों की तलाश कर रही है। सिफी टेक्नोलॉजी का नोएडा में स्थित 75 मेगावाट का डाटा सेंटर भी जल्द ही चालू होने वाला है, जिसे 7,000 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित किया गया है।