
लखनऊ. योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath ) मंत्रिमंडल में आधी आबादी की भागीदारी घट गई है। अब यह संख्या पांच से घटकर चार रह गई है। बुधवार को योगी मंत्रिमंडल के पहले विस्तार (Yogi Adityanath Cabinet Expansion) में दो महिलाओं को मंत्रिपद की शपथ दिलाई गई। इनमें कानपुर घाटमपुर क्षेत्र की विधायक कमल रानी वरुण और कल्याणपुर क्षेत्र से विधायक नीलिमा कटियार का नाम शामिल है। कमल रानी वरुण को जहां कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, वहीं नीलिमा कटियार राज्यमंत्री बनी हैं। इनके अलावा पहले से ही राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह के पास एनआरआइ, कृषि निर्यात व विपणन जैसे महकमों का दायित्व है, वहीं गुलाब देवी राज्यमंत्री के तौर पर समाज कल्याण विभाग का जिम्मा संभाल रही हैं।
योगी कैबिनेट में महिला मंत्री
मार्च 2017 में जब योगी मंत्रिमंडल का गठन हुआ था, पांच मंत्रियों को मंत्री बनाया गया था। इनमें डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, अनुपमा जायसवाल, स्वाति सिंह, अर्चना पांडेय और गुलाब देवी हैं। लोकसभा चुनाव से पहले तक कैबिनेट मंत्री की जिम्मा निभा रहीं रीता बहुगुणा जोशी ने इलाहाबाद से सांसद चुने जाने के बाद मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की जिम्मेदारी निभा रहीं अनुपमा जायसवाल और भूतत्व एवं खनिकर्म मंत्री अर्चना पांडेय ने योगी मंत्रिमंडल के पहले विस्तार से ठीक पहले इस्तीफा दिया था।