
Yogi Adityanath Janata Darshan: मां अपने बच्चे की खुशियों और बेहतर इलाज के लिए किसी भी मुश्किल का सामना करने से पीछे नहीं हटती। ऐसा ही एक मामला सोमवार को लखनऊ में देखने को मिला, जब सीतापुर की रोली तेज बारिश के बीच अपने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री को बच्चे की बीमारी और इलाज के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत के बारे में बताया।
रोली ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया कि उनका बच्चा थैलेसीमिया से पीड़ित है और उसके इलाज के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। उनकी बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने बच्चे के सिर पर हाथ फेरा और उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बच्चे के इलाज के लिए अस्पताल से तत्काल एस्टीमेट मंगवाने और उसके आधार पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री से सहायता का आश्वासन मिलने के बाद रोली के चेहरे पर राहत नजर आई। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन की कमी इलाज में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लगातार जरूरतमंदों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
CM योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट मंगाने की प्रक्रिया जल्द पूरी कर उसे शासन को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए लोगों से अपनत्व के साथ उनकी समस्याएं पूछीं और एक-एक करके सभी की शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा और किसी को परेशान या घबराने की जरूरत नहीं है।
CM योगी ने लोगों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए सभी मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का समाधान गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाला होना चाहिए। जनता दर्शन में पुलिस, राजस्व, चिकित्सा और जमीन पर कब्जे समेत अलग-अलग मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों में समयबद्ध कार्रवाई और निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।