लखनऊ

योगी मंत्रिमंडल में शामिल होंगे आधा दर्जन नये मंत्री, इनकी हो सकती है छुट्टी, इनका नाम लगभग फाइनल

- योगी आदित्यनाथ की मंत्रिपरिषद के लिए राजभवन में शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू- मंत्री बनने वाले विधायकों को राजभवन से जा रहा है फोन- अच्छी परफार्मेंस वाले मंत्रियों का प्रमोशन तय, कुछ का होगा फेरबदल

2 min read
Aug 18, 2019
Yogi Adityanath
योगी मंत्रिमंडल में शामिल होंगे आधा दर्जन नये मंत्री, इनकी हो सकती है छुट्टी, इनका नाम लगभग फाइनल

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के योगी कैबिनेट में करीब आधा दर्जन नये मंत्रियों को सोमवार शाम को राजभवन में शपथ ग्रहण कराया जा सकता है। कैबिनेट में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले विधायकों को मंत्रिमंडल (UP Cabinet Reshuffle) में विशेष तरजीह दी जाएगी। पूर्वांचल की भी हिस्सेदारी रहेगी। सूत्रों की मानें तो राजभवन में शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले विधायकों को राजभवन से फोन जाना शुरू हो गया है। उन्हें शपथ ग्रहण के लिए तैयार रहने को कहा गया है। गौरतलब है कि यूपी कैबिनेट में सदस्यों की संख्या 60 तक हो सकती है। मार्च 2017 में जब योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे, तब मंत्रियों की संख्या 47 थी। इसके बाद से कोई फेरबदल नहीं हुआ है, जबकि तीन मंत्री इस्तीफा कैबिनेट से इस्तीफा दे चुके हैं, जबकि एक मंत्री को कैबिनेट से बर्खास्त किया जा चुका है। अब मंत्रियों की संख्या 43 है। स्वतंत्र देव सिंह के मंत्रीपद छोड़ते ही कैबिनेट में रिक्त पदों की संख्या 17 हो जाएगी।

बीजेपी संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले अशोक कटारिया का योगी मंत्रिमंडल में चयन लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा मंत्री धर्मपाल सिंह और अनुपमा जायसवाल के विभाग बदलने की बात कही जा रही है। चर्चा तो यह भी है कि योगी मंत्रिमंडल से मंत्री स्वाति सिंह और मंत्री नंद गोपाल नंदी की छुट्टी हो सकती है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ बीजेपी आलाकमान से मिलकर सूबे के चार मंत्रियों के कामकाज पर नाराजगी जता चुका है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद भी कई मंत्रियों और उनके विभागों के कामकाज के तरीके से खुश नहीं हैं। ऐसे में या तो इन मंत्रियों के विभाग बदले जाएंगे या फिर इनको कोई और जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। साथ ही कुछ मंत्रियों को मौजूदा विभागों के साथ दूसरा कोई महत्वपूर्ण विभाग दिया जा सकता है।

शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सूबे की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की थी। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत चली। शुक्रवार को सीएम योगी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई थी। 19 अगस्त को होने वाले योगी सरकार के संभावित मंत्रिमंडल में कई मंत्रियों के विभाग बदले जाएंगे। इनमें अच्छी परफार्मेंस वाले मंत्रियों का प्रमोशन तय है, वहीं खराब प्रदर्शन वाले मंत्रियों के पद छिन सकते हैं या फिर उन्हें कम महत्वपूर्ण विभाग दिये जा सकते हैं। इसके अलावा मंत्रियों का चयन विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर जातीय समीकरणों पर काफी निर्भर करेगा।

यह मंत्री दे चुके हैं इस्तीफा
योगी मंत्रिमंडल में शामिल रहे तीन विधायक 2019 के लोकसभा चुनाव सांसद चुने जाने के बाद कैबिनेट से इस्तीफा दे चुके हैं। इनमें सत्यदेव पचौरी, डॉ. एसपी सिंह बघेल और डॉ. रीता बहुगुणा जोशी का नाम शामिल है। इसके अलावा लोकसभा चुनाव के बाद एक और मंत्री रहे सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर को योगी मंत्रिमंडल से बाहर किया जा चुका है।

Published on:
18 Aug 2019 03:31 pm