लखनऊ

‘भर्ती निकलते ही वसूली के लिए निकल पड़ते थे चाचा-भतीजे’, सीएम योगी बोले- अब सिफारिश नहीं, मेरिट से मिलती है नौकरी

Yogi Adityanath Statement: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की पुलिस भर्ती व्यवस्था को लेकर सपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे वसूली के लिए निकल पड़ते थे। सीएम ने 2.26 लाख भर्तियों का जिक्र कर मेरिट आधारित व्यवस्था का दावा किया।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 9:03 AM IST
CM Yogi
सीएम योगी (Photo ANI)

UP Police Recruitment: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों की भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पुलिस भर्ती में अनियमितता, भेदभाव और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। अब युवाओं को बिना सिफारिश और पैसे के योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है। योगी सरकार के कार्यकाल में पुलिस विभाग में 2.26 लाख से अधिक भर्तियां हुई हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को लखनऊ में 4,543 उप निरीक्षकों और प्लाटून कमांडरों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

पुलिस विभाग में 4,543 युवाओं को मिलेगी नौकरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस बल को मजबूत करने के साथ युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए सेवा का अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय अनियमितताओं, भेदभाव और भ्रष्टाचार की वजह से युवाओं का भरोसा प्रभावित हुआ था।

सीएम योगी ने कहा कि भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए भी निकल पड़ती थी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने भर्ती व्यवस्था में बदलाव किया है। अब युवाओं को नौकरी पाने के लिए किसी सिफारिश या धन की जरूरत नहीं है, बल्कि उनकी योग्यता ही चयन का आधार है। वर्ष 2017 से अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस में अलग-अलग पदों पर 2.26 लाख से अधिक भर्तियां की जा चुकी हैं। इसी क्रम में 6 नवंबर को लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस के चयनित 4,543 उप निरीक्षकों और प्लाटून कमांडरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

शिल्पकारों के उत्पादों को खरीदने की अपील

मुख्यमंत्री ने धनतेरस के अवसर पर प्रदेश के कारीगरों और शिल्पकारों को भी प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियों में उन लोगों को भी शामिल करना चाहिए, जिनकी मेहनत और कला उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रही है। योगी ने भदोही के विश्वप्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज के मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौनों का जिक्र करते हुए कहा कि ये उत्पाद प्रदेश की खास पहचान हैं।

84 हजार करोड़ से 2 लाख करोड़ के पार पहुंचा निर्यात

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 में 84 हजार करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उन्होंने इसे प्रदेश के शिल्पकारों और दस्तकारों की मेहनत, उद्यमशीलता और क्षमता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के आधुनिक एक्सपो मार्ट के साथ भदोही का 'कार्पेट बाजार' प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रहे हैं।

ओडीओपी उत्पादों को उपहार में देने की अपील

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' विजन का जिक्र करते हुए लोगों से इस धनतेरस पर एक जिला एक उत्पाद (ODOP) के सामान खरीदने और उन्हें उपहार में देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के आंगन में स्वावलंबन और सम्मान का दीप प्रज्वलित कर सकती है। सीएम योगी ने लोगों से 'लोकल वाली दिवाली' मनाने और 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

Updated on:
6 Nov 2026, 9:03 AM IST
Published on: