लखनऊ

योगी कैबिनेट के 18 बड़े फैसले: छात्राओं को स्कूटी, प्रयागराज-सोनभद्र एक्सप्रेसवे को मंजूरी, जानिए आपके लिए क्या-क्या बदला

Yogi Cabinet Decisions: योगी कैबिनेट ने 18 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी। प्रयागराज-सोनभद्र एक्सप्रेसवे, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, संभल रिपोर्ट और कई विभागों से जुड़े बड़े फैसले जानिए।
2 min read
Jul 21, 2026
UP Cabinet Meeting Yogi Adityanath News Rani Laxmibai Scooty Yojana Prayagraj Sonbhadra Expressway
योगी कैबिनेट के 18 बड़े फैसले

Lucknow News:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। बैठक में कुल 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें नए एक्सप्रेसवे, छात्राओं के लिए स्कूटी योजना और संभल जांच रिपोर्ट को विधानसभा में पेश करने जैसे बड़े फैसले शामिल हैं।

प्रयागराज से सोनभद्र तक बनेगा नया एक्सप्रेसवे

कैबिनेट ने प्रयागराज से सोनभद्र तक करीब 330 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को भी हरी झंडी मिल गई है। यह लिंक एक्सप्रेसवे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़कर पूर्वी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा। इसके अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भी ईपीसी (Engineering, Procurement and Construction) मोड पर डेवलपर के चयन को मंजूरी दे दी गई है।

टॉप छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

कैबिनेट की सबसे चर्चित घोषणाओं में 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' भी शामिल रही। उच्च शिक्षा विभाग के तहत शुरू की जा रही इस योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में सभी प्रकार के कॉलेजों की टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं को पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी दी जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि दिव्यांग छात्राओं और शहीद या निराश्रित परिवारों की बेटियों को इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी।

कई विभागों के प्रस्तावों को मिली मंजूरी

बैठक में महिला कल्याण, गृह, उच्च शिक्षा, राज्यकर, परिवहन, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन और सहकारिता विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

संभल जांच रिपोर्ट विधानसभा में होगी पेश

कैबिनेट ने संभल जांच रिपोर्ट को विधानसभा में पेश करने की मंजूरी भी दे दी है। माना जा रहा है कि आगामी मानसून सत्र में इस रिपोर्ट को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

3 अगस्त से शुरू होगा मानसून सत्र

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सरकार कई विधायी कार्य पूरे करेगी। वहीं विपक्ष भी राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई अहम मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में इस बार का मानसून सत्र काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं।

Updated on:
21 Jul 2026 01:52 pm
Published on:
21 Jul 2026 01:52 pm