
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक आज होने जा रही है, जिसमें प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और फैसले लिए जाने की संभावना है। बैठक से पहले प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर अपनी बात रखी।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि उत्तर प्रदेश अर्थव्यवस्था, विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में देश के भीतर अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की इस पहचान को और बेहतर बनाने के लिए आज की कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती। कश्यप के अनुसार, कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण और सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कैबिनेट में अनेक फैसले लिए जाने हैं।
बैठक में किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। बैठक के बाद सरकार की ओर से फैसलों की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।