
सीएम योगी (फोटो सोर्स ANI)
Uttar Pradesh News:उत्तर प्रदेश में किसानों, गरीब परिवारों और महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं को लेकर लखनऊ में आयोजित कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र को जमीन पर उतारा गया है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 3 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की रकम भेजी गई है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 65 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को घर मिले हैं। योगी ने स्वास्थ्य, मुफ्त राशन, पेयजल और रसोई गैस से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गरीबों, पिछड़े वर्गों, युवाओं, महिलाओं और किसानों समेत समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि देश के किसानों को सम्मान और सुरक्षा मिली है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 3 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में सीधे 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की रकम भेजी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 65 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को घर मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 3.67 करोड़ राशन कार्डधारक परिवारों के करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत 2.46 करोड़ से अधिक ग्रामीण घरों तक नल से पानी पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि जनधन खातों और बैंक मित्रों के बड़े नेटवर्क की मदद से प्रदेश में वित्तीय सुविधाओं का दायरा भी बढ़ा है।
स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में 9.9 करोड़ से ज्यादा लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। इसके लिए 60.08 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 1.09 करोड़ मरीजों के इलाज पर 18,798 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आयोजित आरोग्य मेलों के जरिए 14.67 करोड़ लोगों को इलाज की सुविधा मिली है। इसके अलावा गोरखपुर और रायबरेली में दो एम्स भी चालू हो चुके हैं।
योगी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कामों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रदेश में 3.37 करोड़ से अधिक घरेलू शौचालय और 59,183 सामुदायिक शौचालय बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार होली और दिवाली पर हर साल मुफ्त गैस सिलेंडर भी दे रही है।
उन्होंने नमामि गंगे अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि गंगा नदी की स्वच्छता और उसके अविरल प्रवाह को बनाए रखने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
Updated on:
09 Oct 2026 02:24 pm
Published on:
09 Oct 2026 01:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
