उत्तर प्रदेश में स्थित मदरसों के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने नया टाइम टेबल जारी कर दिया है। जिसके अनुसार अब मदरसों में भी सुबह 9 बजे से कक्षाओं की शुरुआत होगी जोकि दोपहर तीन बजे तक चलेगी। ये नियम एक अक्टूबर से लागू किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार ने मदरसों के लिए नया फरमान जारी किया है। जिसके अनुसार एक अक्टूबर से मदरसों का टाइम टेबल सुबह 9 से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। सरकार ने अन्य शैक्षणिक संस्थानों की तर्ज पर मदरसों में भी छह घंटे की पढ़ाई अनिवार्य कर दी है। जिसके बाद मदरसा बोर्ड की तरफ से एक अक्टूबर से नई व्यवस्था के आधार पर पढ़ाई शुरू कराने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही यूपी मदरसा शिक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने कहा कि सुबह 9 बजे दुआ और राष्ट्रगान से शिक्षण कार्य की शुरूआत होगी। दरअसल, अभी तक मदरसों में शिक्षा के लिए निर्धारित समय संचालकों की मर्जी पर होता था। इस प्रकार की मनमानी पर रोक लगाने के लिए प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है।
सरकार की तरफ से नया टाइम टेबल जारी
प्रदेश सरकार की तरफ से नया टाइम टेबल भी जारी किया गया है। जिसके मुताबिक, एक अक्टूबर से मदरसों में सुबह 9 बजे से प्रार्थना यानी दुआ होगी। इसके बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा। इसके लिए 20 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। सुबह 9.20 बजे से कक्षाओं की शुरुआत होगी। दोपहर 12 से 12.30 बजे तक इंटरवल या लंच ब्रेक होगा। फिर दोपहर 12.30 बजे से 3 बजे तक कक्षाओं का आयोजन होगा। चेयरमैन डॉ. इफ्तिखार जावेद ने निर्धारित टाइम टेबल पर बात करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार मदरसा शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए यह निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि मदरसा शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
मदरसों में कराया जा रहा सर्वे
गौरतलब है कि इस सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रदेश में स्थित सभी मदरसों का सर्वे कराया जा रहा है। इसी कड़ी में योगी सरकार ने एक फॉर्मेट तैयार किया है। इस संबंध में सभी जिला मुख्यालयों को आदेश भेजा गया है और 12 बिंदुओं पर रिपोर्ट तलब की गई है। सरकार का कहना है कि प्रदेश में जितने भी गैर मान्यता प्राप्त मदरसे हैं, उन सभी का सर्वे कराया जाए। जिससे यहां बेहतर शिक्षा व्यवस्था बनाई जा सके। सर्वे में पता लगाया जाएगा कि मदरसों का वित्त पोषण कहां से हो रहा है, किस जिले में कितने गैर मान्यता प्राप्त मदरसे हैं, और किस मदरसे में कितने बच्चे तालीम हासिल कर रहे हैं। इसी निर्देश का पालन करते हुए मदरसों में सर्वे अभियान जारी है।