
Yogi Adityanath Tiranga Yatra: राजधानी लखनऊ रविवार को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भव्य तिरंगा यात्रा में भाग लिया। मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग से प्रारंभ हुई यह यात्रा लोक भवन होते हुए विधान भवन तक पहुंची। हाथों में तिरंगा और जुबां पर "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" तथा अमर शहीदों के जयघोष के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे शहर में देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान के अंतर्गत किया गया।
तिरंगा यात्रा के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और काकोरी ट्रेन एक्शन की ऐतिहासिक घटना को याद करते हुए कहा कि यह केवल एक क्रांतिकारी अभियान नहीं था, बल्कि भारत की स्वतंत्रता के लिए युवाओं के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, राजेंद्रनाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह सहित सभी क्रांतिकारियों का बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि हमारा युवा प्रतिभाशाली है, हमारा युवा ऊर्जा का प्रतीक है, हमारा युवा देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य रखता है और उस सामर्थ्य के प्रतीक इस युवा ऊर्जा को आगे बढ़ने के लिए एक उचित मंच प्राप्त हो, वो अपने परंपरागत पाठ्यक्रम के साथ-साथ देश और समाज की उन चुनौतियों का सामना करने के लिए भी खुद को तैयार कर सके, इस भाव के साथ इस तिरंगा यात्रा का शुभारंभ आज पूरे देश के अंदर, दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल, भाजपा के द्वारा किया जा रहा है।
सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास के बाहर बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता तिरंगा लेकर एकत्र होने लगे थे। यात्रा शुरू होते ही पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए भारत माता के जयघोष और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा मार्ग पर नागरिकों ने भी तिरंगा लहराकर प्रतिभागियों का स्वागत किया। पूरे रास्ते राष्ट्रभक्ति के गीतों और नारों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित अनेक मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी यात्रा में सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का प्रदेशव्यापी शुभारंभ राजधानी लखनऊ से किया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र प्रेम से जोड़ना है। आगामी 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों और नगरों में तिरंगा यात्राएं, जनजागरण अभियान तथा राष्ट्रध्वज फहराने के लिए व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 10, 11 और 12 अगस्त को प्रदेश के सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भव्य यात्राएं आयोजित होंगी। वहीं 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर मौन जुलूस, संगोष्ठियां और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान, व्यापारिक संस्थान और सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों पर राष्ट्रध्वज फहराने के लिए जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा भारत की स्वतंत्रता, स्वाभिमान, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों, स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान की बदौलत आज देश स्वतंत्र है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित करे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।
तिरंगा यात्रा के दौरान राजधानी की प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। बड़ी संख्या में नागरिक अपने घरों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर यात्रा का हिस्सा बने। शहर का वातावरण पूरी तरह देश भक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और अमर शहीदों को सामूहिक श्रद्धांजलि के साथ हुआ।
स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने न केवल राजधानी में राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाया, बल्कि युवाओं और आम नागरिकों को देश के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का भी प्रयास किया। काकोरी के अमर शहीदों को याद करते हुए यह संदेश दिया गया कि राष्ट्र सर्वोपरि है और उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।