
लुधियाना। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने लुधियाना के इसड़ू शहीदी कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी और 2029 में राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पंजाब की पगड़ी और सम्मान का सवाल है और कांग्रेस पंजाब की पगड़ी को रोने नहीं देगी। रंधावा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की इज्जत और पंजाब का सम्मान पार्टी के लिए सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज करके कोई भी राजनीतिक दल सत्ता में नहीं आ सकता। कांग्रेस को कार्यकर्ताओं ने अपने खून-पसीने से सींचा है और आज पार्टी पंजाब में खड़ी है तो इसमें हर कार्यकर्ता का योगदान है, किसी एक व्यक्ति का नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य के रूप में उनकी और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की जिम्मेदारी है कि पंजाब में कांग्रेस को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी से उम्मीद लगाए बैठे हैं और कांग्रेस केंद्र की भाजपा सरकार से राजनीतिक मुकाबला करते हुए पंजाब के हितों की रक्षा करेगी।
रंधावा ने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके 111 दिनों का कार्यकाल 11 साल के कार्यकाल के बराबर था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके खून में है और उन्हें किसी से कांग्रेसी होने का प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है। पद और अध्यक्ष आते-जाते रहते हैं, लेकिन कांग्रेस अपनी जगह कायम रहती है। कांग्रेस में कथित गुटबाजी को लेकर रंधावा ने कहा कि फिलहाल पार्टी को मजबूत करना और चुनाव जीतना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इतिहास में पहले भी बड़े मतभेद रहे हैं, लेकिन पार्टी ने हमेशा एकजुट होकर चुनावी चुनौतियों का सामना किया है।
उन्होंने कहा कि गुटबाजी और टिकट बंटवारे को बाद में देखा जाएगा, पहले कांग्रेस को चुनाव जिताना जरूरी है। रंधावा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर दबाने की कोशिशों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक दबाव में काम करने वालों को भविष्य में जवाबदेही का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल बातों से काम नहीं चलता और मुख्यमंत्री को अपने काम के आधार पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
रंधावा ने पंजाब में कानून-व्यवस्था और गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर पंजाब की भगवंत मान सरकार तथा केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब के अलावा भाजपा शासित राजस्थान, असम, गुजरात और हरियाणा की जेलों में भी गैंगस्टरों की गतिविधियों और मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर गैंगस्टरवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों पर पूरी तरह नकेल कसी जाएगी।