Magazine

AI के दौर में पैरेंटिंग: बच्चों के नए डिजिटल साथी को कितना जानते हैं माता-पिता?

AI Parenting: AI बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन रहा है। जानिए AI के दौर में माता-पिता की क्या भूमिका, क्या कहते हैं मनोचिकित्सक, इसके फायदे, नुकसान और डिजिटल पैरेंटिंग के लिए जरूरी नियम,
6 min read
Jul 17, 2026
AI Parenting
AI Parenting: AI बच्चों को यूज करना चाहिए या नहीं? सवाल ये नहीं है... अनन्या की कहानी बताएगी AI कब अवसर कब चुनौती। (Photo AI Generated)

AI Parenting: 'मम्मी, ये सवाल मैं AI से पूछ लेती हूं…।' कुछ साल पहले तक यह वाक्य किसी भी घर में सुनाई नहीं देता था। अगर बच्चे को गणित का सवाल समझ नहीं आता था तो वह मां, पिता, बड़े भाई-बहन या शिक्षक के पास जाता था। स्कूल प्रोजेक्ट के लिए किताबें पलटी जाती थीं या इंटरनेट पर जानकारी खोजी जाती थी। लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। बच्चे होमवर्क से लेकर कहानी लिखने, भाषण तैयार करने, नई भाषा सीखने और यहां तक कि करियर से जुड़े सवालों के जवाब भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लेने लगे हैं।

केस-1- अनन्या की कहानी बताएगी AI से बड़ी परेशानी कब?

बैंगलुरू की 14 वर्षीय अनन्या (बदला हुआ नाम) अब स्कूल का हर प्रोजेक्ट अब AI की मदद से तैयार करती है। इसकी शुरुआत होमवर्क से हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे वह भाषण लिखने, विज्ञान के कठिन चैप्टर समझने और अंग्रेजी सुधारने के लिए भी AI का यूज करने लगी है। अनन्या की मां एक आईटी प्रोफेशनल हैं, वे कहती हैं कि शुरू में उन्हें लगा कि उनकी बेटी टेक्नोलॉजी सीख रही है। लेकिन बाद में उन्होंने महसूस किया कि वह अब छोटे से छोटा सवाल भी समझकर करने के बजाय उसी से पूछने लगी है और उसे पूरी तरह सही मानने लगी है।

AI अब केवल तकनीक नहीं रहा, बल्कि घरों तक पहुंच चुका है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि बच्चे AI का इस्तेमाल करें या नहीं। सवाल यह है कि क्या माता-पिता इस बदलाव को समझ पा रहे हैं? क्या वे जानते हैं कि AI बच्चों के लिए अवसर भी है और चुनौती भी?

AI से डरने की नहीं, उसे समझने की जरूरत

हर नई तकनीक अपने साथ संभावनाएं और जोखिम दोनों लेकर आती है। कभी कैलकुलेटर आने पर कहा गया कि बच्चे गणित भूल जाएंगे। इंटरनेट आया तो, चिंता हुई कि किताबों का महत्व खत्म हो जाएगा। आज AI को लेकर भी ऐसी ही बहस चल रही है। असलियत यह है कि AI न तो बच्चों का दुश्मन है और न ही माता-पिता की जगह लेने वाला कोई जादुई उपकरण। यह एक ऐसा डिजिटल सहायक है, जो सही इस्तेमाल होने पर सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बना सकता है। लेकिन अगर बिना समझ के इसका उपयोग किया जाए, तो यह बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता, गोपनीयता और डिजिटल सुरक्षा पर असर डाल सकता है।

बच्चे AI की ओर क्यों आकर्षित हो रहे हैं?

विशेषज्ञ बताते हैं कि बच्चों को AI इसलिए पसंद आ रहा है, क्योंकि वह तुरंत जवाब देता है। न डांटता है, न इंतजार करवाता है और न ही बार-बार सवाल पूछने पर परेशान होता है। किसी कविता का अर्थ समझना हो, विज्ञान का सिद्धांत जानना हो या अंग्रेजी में निबंध लिखना हो, AI कुछ ही सेकंड में मदद कर देता है। यही वजह है कि पढ़ाई के अलावा बच्चे रचनात्मक कामों में भी इसका इस्तेमाल करने लगे हैं। कहानी लिखना, चित्रों के आइडिया बनाना, भाषण तैयार करना या नई भाषा सीखना भी। इन सभी कार्यों के लिए AI उनके लिए एक आसान साथी बन गया है।

लेकिन हर जवाब सही हो, यह जरूरी नहीं

यहीं से माता-पिता की भूमिका शुरू होती है। AI कई बार गलत या अधूरी जानकारी भी दे सकता है। वह हमेशा यह नहीं समझ पाता कि कौन-सी जानकारी ताजा है या किस संदर्भ में क्या कहना उचित होगा। इसलिए बच्चों को यह समझाना जरूरी है कि AI का हर जवाब अंतिम सत्य नहीं होता। उन्हें यह आदत डालनी होगी कि महत्वपूर्ण जानकारी को किताबों, विश्वसनीय वेबसाइटों या शिक्षक से भी जानें और जांचें। यह आदत उन्हें केवल AI ही नहीं, पूरे डिजिटल वर्ल्ड में जिम्मेदार नागरिक बनाएगी।

क्या AI बच्चों की सोचने की क्षमता को प्रभावित करेगा?

मनोवैज्ञानिक डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी कहते हैं खतरा AI से नहीं, बल्कि उस पर जरूरत से ज्यादा निर्भर हो जाने से है। यदि बच्चा हर होमवर्क, हर प्रोजेक्ट और हर सवाल का जवाब AI से ही लेने लगे, तो उसकी खुद सोचने, तर्क करने और समस्या हल करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। सीखने का असली उद्देश्य केवल सही उत्तर पाना नहीं, बल्कि उस उत्तर तक पहुंचने की प्रक्रिया को समझना भी है। अगर यह प्रक्रिया खत्म हो गई तो सीखना सतही बन जाएगा।

भावनाओं का साथी नहीं बन सकता AI

वे कहते हैं कि कुछ बच्चे पढ़ाई के अलावा अपनी परेशानियां भी AI से शेयर करने लगे हैं। दोस्ती, तनाव, परीक्षा का दबाव या आत्मविश्वास जैसे विषयों पर वे चैटबॉट से सलाह लेते हैं। हालांकि AI बातचीत कर सकता है, लेकिन वह इंसानी भावनाओं को उसी तरह महसूस नहीं कर सकता, जैसे माता-पिता, परिवार या दोस्त करते हैं। इसलिए भावनात्मक समस्याओं का समाधान परिवार, शिक्षक या जरूरत पड़ने पर मनोवैज्ञानिक से बातचीत में ही है। AI केवल सामान्य जानकारी दे सकता है, वास्तविक मानवीय सहारा नहीं बन सकता।

माता-पिता की नई भूमिका

आज माता-पिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती बच्चों को AI से दूर रखना नहीं, बल्कि बच्चों को AI के साथ सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार सिखाना है। यदि बच्चा AI का उपयोग कर रहा है, तो उससे यह पूछना गलत नहीं कि उसने कौन-सा सवाल पूछा और उसे क्या जवाब मिला। इससे निगरानी नहीं, बल्कि संवाद बढ़ता है। जब परिवार में तकनीक पर खुलकर बात होगी, तभी बच्चे गलतियों या जोखिमों के बारे में भी खुलकर बात कर पाएंगे।

घर में AI के कुछ आसान नियम

हर परिवार अपनी जरूरत के अनुसार कुछ सरल नियम बना सकता है-

  • पढ़ाई में AI का उपयोग करें, लेकिन उत्तर समझे बिना कॉपी न करें।
  • किसी भी वेबसाइट, ऐप या चैटबॉट पर अपना मोबाइल नंबर, पता, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।
  • किसी महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केवल AI पर भरोसा न करें।
  • स्क्रीन के बाहर किताबें पढ़ने, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने की आदत भी बनी रहे।
  • अगर AI का कोई जवाब अजीब, डराने वाला या समझ में न आने वाला लगे, तो तुरंत माता-पिता या शिक्षक से बात करें।

अब अनन्या की मॉम ने भी यही किया

अनन्या की इस आदत को सुधारने के लिए अनन्या की मॉम ने एक नियम बनाया। AI का इस्तेमाल होगा, लेकिन हर जवाब की पुष्टि किताब, टीचर या फिर किसी भी भरोसेमंद सोर्स से की जाएगी। उसके बाद ही उसका उपयोग किया जाएगा, ताकि पता लगाया जा सके कि AI ने सही जवाब दिया था या नहीं? अब उनके घर में शॉर्टकट नहीं, बल्कि स्टडी पार्टनर की तरह यूज किया जाता है।

AI के दौर में स्कूलों की भी बड़ी जिम्मेदारी

अब केवल घर ही नहीं, स्कूलों को भी बच्चों को AI साक्षरता (AI Literacy) सिखानी होगी। जैसे कभी कंप्यूटर शिक्षा शुरू हुई थी, वैसे ही अब बच्चों को यह समझाना जरूरी है कि AI कैसे काम करता है, उसकी सीमाएं क्या हैं और उसका जिम्मेदारी से उपयोग कैसे किया जाना चाहिए।

कैसी होगी भविष्य की पैरेंटिंग?

आने वाले वर्षों में AI हमारे मोबाइल, टीवी, कार, स्कूल और कार्यस्थल का सामान्य हिस्सा होगा। इसलिए बच्चों को इससे पूरी तरह दूर रखना शायद संभव भी नहीं होगा और न ही जरूरी है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें तकनीक को समझदारी से उपयोग करने वाला बनाया जाए। जिस तरह माता-पिता बच्चों को सड़क पार करना, पैसे का महत्व या अच्छे-बुरे लोगों की पहचान करना सिखाते हैं, उसी तरह अब डिजिटल दुनिया में सही फैसले लेना भी सिखाना होगा। AI के दौर में सबसे सफल वही बच्चे होंगे, जो तकनीक का उपयोग तो करेंगे, लेकिन अपनी जिज्ञासा, रचनात्मकता और मानवीय संवेदनाओं को कभी नहीं खोएंगे।

ये भी जरूर पढ़ें

UNICEF के मुताबिक 2 करोड़ से ज्यादा बच्चों ने AI का यूज किया है। तो 1.3 करोड़ बच्चे पढ़ाई और होमवर्क के लिए AI का उपयोग करते हैं। 20 लाख से ज्यादा बच्चे अपनी परेशानियां AI से शेयर करते हैं और उसी से सलाह भी ले रहे हैं। वयस्कों की तुलना में तीन गुना से ज्यादा बच्चे AI को अपनाने में तेज हैं।

AI Parenting tips: AI का यूज कर रहे बच्चे, तो माता-पिता किन बातों का रखें ध्यान? (infographic: AI created )

माता-पिता किन बातों का रखें ध्यान?

  • बच्चों को सिखाएं कि पर्सनल बातों को AI से शेयर न करें।
  • AI के जवाबों की पुष्टि करना सिखाएं।
  • स्क्रीन टाइम तय करें।
  • परिवार से खुलकर बातचीत करना सिखाएं।
  • किताबों और AI के बीच संतुलन बनाना सिखाएं
AI Parenting know Advantages and Disadvantages: AI के फायदे और नुकसान (infographic: AI Created)

पहले जानें फायदे

  • पढ़ाई आसान हुई
  • तुरंत जानकारी मिलती है
  • नई स्किल सीखने में मदद मिल रही
  • रचनात्मकता को मिल रहा बढ़ावा

चुनौतियां भी बहुत

  • गलत जानकारी का जोखिम
  • AI पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता
  • डेटा प्राइवेसी
  • आलोचनात्मक सोच में कमी का खतरा

AI भविष्य का हिस्सा है, लेकिन बच्चों का भविष्य केवल AI तय नहीं करेगा। वह भविष्य आज भी माता-पिता के समय, संवाद, विश्वास और संस्कारों से ही बनेगा। तकनीक रास्ता दिखा सकती है, लेकिन दिशा आज भी परिवार ही तय करता है।

Updated on:
17 Jul 2026 04:58 pm
Published on:
17 Jul 2026 09:54 am