Domestic gas cylinders seized: खाद्य विभाग की टीम ने होटल और ढाबों में औचक निरीक्षण कर घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग का खुलासा किया।
Domestic gas cylinders seized: खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के संचालक तथा कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर महासमुंद शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को लेकर सख्त कार्रवाई की गई। खाद्य विभाग की टीम ने नगर के होटलों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया। खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग करते हुए पाया गया।
कार्रवाई के दौरान सोनी मिष्ठान भंडार से 10, नेमी भोजनालय से 5, सीमांचल होटल से 5, आरोग्य अमृततुल्य चाय सेंटर से 2, प्रांजल इडली सेंटर से 2, पिज्जा गेलेरी से 1, अमय डोसा सेंटर से 1, टेस्ट ऑफ पंजाब रेस्टोरेंट से 1, चाय एंड चिल रेस्टोरेंट से 1 तथा एस सैंडविच सेंटर से 1 सिलेंडर जब्त किया गया। इस तरह कुल 29 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। विभाग के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश-2000 के नियमों का उल्लंघन किया गया है।
जब्त किए गए सिलेंडरों से संबंधित प्रकरण कलेक्टर न्यायालय महासमुंद में प्रस्तुत किया जाएगा। खाद्य विभाग ने सभी होटल और ढाबा संचालकों से अपील की है कि वे केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि आगे भी इस तरह की जांच जारी रहेगी और घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।