10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG News: हेलमेट नहीं पहनने वाले की अब खैर नहीं, पहले ही दिन 73 चालकों के कटे चालान

CG News: हेलमेट के बिना वाहन चलाने वालों के खिलाफ अब लगातार कार्रवाई होगी और नियम तोडऩे वालों को किसी भी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।

2 min read
Google source verification
CG News: हेलमेट नहीं पहनने वाले की अब खैर नहीं, पहले ही दिन 73 चालकों के कटे चालान

CG News: महासमुंद जिले में लगातार बढ़ रहे सडक़ हादसों और इनमें हो रही मौतों को देखते हुए पुलिस ने अब हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया चालकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। शहर में कार्रवाई के पहले ही दिन 73 वाहन चालकों के ई-चालान काटे गए। पुलिस ने साफ कर दिया है कि हेलमेट के बिना वाहन चलाने वालों के खिलाफ अब लगातार कार्रवाई होगी और नियम तोडऩे वालों को किसी भी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।

दरअसल, जिले में सडक़ दुर्घटनाओं के आंकड़े बेहद चिंताजनक सामने आए हैं। वर्ष 2024 से 2026 तक 1091 सडक़ दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 681 लोगों की मौत हो गई। इन मौतों में से 397 मामलों में पाया गया कि दुर्घटना के समय वाहन चालक ने हेलमेट नहीं पहना था और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई। इन आंकड़ों को देखते हुए पुलिस ने अब ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाए गए लगभग 40 सीसीटीवी कैमरों के जरिए यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इसके साथ ही आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के आधुनिक कैमरों की मदद से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर स्वत: ई-चालान जारी किया जा रहा है। यह ई-चालान सीधे वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा जाता है। पुलिस का कहना है कि हेलमेट पहनना केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

दुर्घटना के दौरान हेलमेट सिर को गंभीर चोट से बचाता है और कई मामलों में जान बचाने में भी अहम भूमिका निभाता है। इसके बावजूद शहर में बड़ी संख्या में लोग बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाते नजर आ रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा तिवारी ने बताया कि महासमुंद शहर में कार्रवाई के पहले दिन 73 ई-चालान जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।