
महासमुंद. हिमालय में पिछले सप्ताहभर से हो रही बारिश और बर्फबारी से तापमान में कमी आने की संभावना है। शहर के न्यूनतम तापमान में भी कमी आई है। उत्तर पूर्वी हवाओं की वजह से ठंड बढ़ेगी। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पर चल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम में शुष्कता आने के साथ ठंड बढ़ सकती है। वहीं मध्यप्रदेश के आस-पास चक्रवात भी बन रहा है। इसकी वजह से आसमान में लगातार बादल आ रहे हैं। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। शरद पूर्णिमा के बाद से ही ठंड का अहसास हो रहा है। दिसंबर महीने में अच्छी ठंड पड़ेगी।
पश्चिमी हिमालय में पिछले कुछ दिनों से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। जिसके कारण कई इलाकों में बिना मौसम बर्फबारी और बारिश शुरू हो चुकी है। जिसका असर छत्तीसगढ़ के भी कुछ क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड
ग्रामीण क्षेत्रों ठंड का ज्यादा अहसास हो रहा है। इसके साथ ही गर्म कपड़ों का बाजार भी सज गया है। लोग रात में स्वेटर व शॉल पहन कर निकल रहे हैं। स्वेटर, कोट, शॉल ज्यादा बिक रहे हैं। ठंड बढ़ते की गर्म कपड़ों की डिमांड बढ़ जाएगी।