
Mahasamund Hrsp Number Plate: महासमुंद जिले में वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने की कवायद कछुआ चाल से आगे बढ़ रही है। ढाई साल से अधिक समय बीतने के बाद भी पुराने वाहन बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के सडक़ों पर फर्राटा भर रहे हैं। शिविर लगाने के बाद भी नया नंबर प्लेट लगाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। जिले में 2024 से एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने की प्रक्रिया चल रही है। लगभग ढाई साल बाद भी आधे पुराने वाहनों में भी एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं लग पाया है। परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 से पहले के रजिस्टर्ड वाहनों की संख्या लगभग एक लाख 78 हजार ६७६ है। जिसमें एचएसआरपी नंबर लगाना अनिवार्य है।
बड़ी संख्या में शिविर लगाने के बाद भी 25 प्रतिशत भी नंबर प्लेट नहीं लग पाए हैं। बड़ी संख्या में वाहन मालिक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। शहर में ऐसे कई वाहन घूम रहे हैं, जिस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगा है। जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक अप्रैल 2019 के बाद जिले में 1 लाख 65 हजार 919 वाहन रजिस्टर हुए हैं, सभी में एचएसआरपी लगी हुई है। कुल 3 लाख 44 हजार 595 वाहन हैं और कुल 1 लाख 94 हजार 134 वाहनों में एचएसआरपी लग चुकी है।
वर्तमान में च्वाइस सेंटर के माध्यम से भी एचएसआरपी बनाया जा सकता है, वाहन मालिक ध्यान नहीं दे रहे हैं। एचएसआरपी नंबर प्लेट वाहनों की चोरी पर अंकुश लगाने, फर्जी नंबर प्लेटों पर लगाम लगाने के लिए लगाई जा रही है। जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला ने बताया कि एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने शिविर लगाए जाएंगे। जिन वाहनों में एचएसआरपी नहीं हुआ है उस पर कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को भी नए नंबर प्लेट लगाए गए हैं।
एचएसआरपी का उद्देश्य व फर्जी नंबर प्लेट पर रोक लगाना और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर नियंत्रण में मदद करना है। वाहन बिना निर्धारित प्लेट के चल रहे हैं, चालान की कार्रवाई होने के बाद मालिक भुगतान नहीं कर रहे हैं।