
Mahasamund Jeweler Fraud: सोने की बढ़ती कीमतों ने गिरवी के कारोबार को ही हड़पने के धंधे में बदल दिया। घरेलू जरूरतों के लिए अपने गहने गिरवी रखकर रकम लेने वाले ग्रामीणों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि जरूरत के वक्त लौटाई गई पूरी रकम के बावजूद उन्हें अपने जेवर वापस नहीं मिलेंगे। सांकरा के श्याम ज्वेलर्स में ऐसा ही मामला सामने आया है। दुकान संचालक पर ग्रामीणों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखने, बिना पावती दिए लेन-देन करने और बाद में कीमती धातु के बढ़ते भाव का फायदा उठाकर जेवर गलाने का आरोप है। सांकरा पुलिस ने संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे और निशानदेही पर करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना, लेन-देन के दस्तावेज और साहूकारी से संबंधित सामग्री बरामद की गई है।
मामले की शुरुआत पीडि़त शनिलाल चौहान की शिकायत से हुई। उसने घरेलू जरूरतों के लिए अपनी पत्नी सावित्री चौहान की सोने की माला और कान के टॉप्स, कुल करीब 15 ग्राम वजन के आभूषण श्याम ज्वेलर्स में गिरवी रखे थे। इनकी कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है। दो प्रतिशत मासिक ब्याज पर रकम उधार ली गई थी। जेवर जमा करते समय शनिलाल ने रसीद मांगी, लेकिन दुकान संचालकों ने इसकी जरूरत नहीं होने की बात कहते हुए पावती देने से इनकार कर दिया। पीडि़त उनकी बातों पर भरोसा कर फोन-पे के माध्यम से समय-समय पर ब्याज चुकाता रहा। 24 जून 2026 को वह गवाहों के साथ मूलधन और ब्याज की पूरी रकम लेकर जेवर छुड़ाने पहुंचा। लेकिन दुकान संचालकों ने समय अधिक हो जाने और सोना डूब जाने की बात कहकर उसे वापस लौटा दिया। उसके साथ दुव्र्यवहार भी किया गया। न तो उसकी रकम स्वीकार की गई और न ही गिरवी रखे आभूषण लौटाए गए।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के प्रतिष्ठान से बड़ी मात्रा में दस्तावेजी सामग्री जब्त की है। इसमें 20 रजिस्टर, सात कॉपियां और दो गिरवी रसीद बुक शामिल हैं। इन अभिलेखों में ग्रामीणों के आभूषणों और उधार की रकम से जुड़े लेन-देन का विवरण दर्ज बताया गया है। इसके अलावा साहूकारी लाइसेंस और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस इन दस्तावेजों के आधार पर गिरवी रखने वाले लोगों की पहचान करने और पूरे कारोबार का हिसाब जुटाने में लगी है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि कितने लोगों को पावती नहीं दी गई और कितने मामलों में जेवर गलाए गए। पुलिस धारा 316(२) और 3 (५) के तहत जुर्म दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी ने वर्ष 2021 में तहसीलदार बसना के माध्यम से साहूकारी लाइसेंस बनवाया था। इसके बाद वह ग्रामीणों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर उनका विवरण रजिस्टर में दर्ज करता था, लेकिन ग्राहकों को कोई पावती नहीं देता था। इसके विपरीत अपनी छपी हुई गिरवी रसीद बुक में एकतरफा शर्त शामिल कर रखी थी। इसमें तय समय तक मूलधन और ब्याज नहीं चुकाने पर गिरवी रखे आभूषणों को बेचने का अधिकार होने की बात लिखी जाती थी। आरोप है कि ग्रामीणों से इसी शर्त पर पहले ही हस्ताक्षर करा लिए जाते थे।
सोने-चांदी की कीमतों में तेजी आने के बाद गिरवी रखे आभूषणों को लेकर विवाद की स्थिति बनने लगी। पुलिस जांच के अनुसार, पहले से ग्रामीणों के पास से गिरवी रखे गए गहनों को गलाकर अपने पास रखने का तरीका अपनाया गया। जिन लोगों ने अपनी जरूरतों के चलते आभूषण जमा किए थे, उन्हें तय समय पर रकम लौटाने के बावजूद जेवर वापस नहीं मिल रहे थे। आरोप है कि कुछ मामलों में ग्राहकों को एकतरफा शर्तों वाले दस्तावेजों के आधार पर समझौता करने के लिए मजबूर किया जाता था। महासमुंद पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि ऐसे कई मामले सामने आने की जानकारी मिली है। जब्त रजिस्टर और दस्तावेजों के आधार पर अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कितने और ग्रामीणों ने अपने आभूषण यहां गिरवी रखे थे और उनमें से कितने लोगों के जेवर वापस नहीं किए गए।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए 13 नवंबर को सांकरा पुलिस ने राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना में सामने आया कि शनिलाल के गिरवी रखे आभूषणों को उसकी जानकारी के बिना गलाकर अपने पास रख लिया गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया। इसके अलावा ग्रामीणों के गिरवी लेन-देन का विवरण दर्ज 20 रजिस्टर, सात कॉपियां, दो गिरवी रसीद बुक, मोबाइल फोन और साहूकारी लाइसेंस भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। मामले में अजय अग्रवाल की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की जांच जारी है। मिली जानकारी के अनुसाल लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। थाना सांकरा में अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है और अन्य लोगों की संलिप्ता की भी जांच की जा रही है।