महासमुंद

Vegetable market closed: महासमुंद में तीन दिन रहेगा अवकाश, नहीं होगी सब्जियों की सप्लाई, बढ़ सकते हैं दाम

vegetable prices: महासमुंद में 15 से 17 अगस्त तक सब्जी मंडी बंद रहेगी। तीन दिन नई सब्जियों की आवक और सप्लाई नहीं होगी। स्टॉक कम होने पर सब्जियों के दाम बढ़ सकते हैं।
2 min read
Aug 14, 2026
Vegetable market closed
महासमुंद में तीन दिन तक बंद रहेगी सब्जी मंडी (Photo Patrika)

vegetable market news: महासमुंद शहर की सब्जी मंडी में अगले तीन दिन हलचल नहीं, बल्कि सन्नाटा नजर आएगा। स्वतंत्रता दिवस से शुरू हो रही छुट्टी सोमवार के साप्ताहिक अवकाश तक पहुंच गई है। नतीजा यह कि 15 से 17 अगस्त तक थोक मंडी में नई सब्जियों की आमद नहीं होगी। घरों की जरूरत पूरी करने के लिए शहर को दुकानदारों के पास बचे माल पर निर्भर रहना पड़ेगा। जिनके पास स्टॉक होगा, उनकी दुकानें खुल सकती हैं, लेकिन मंडी से ताजा माल मिलने का विकल्प तीन दिन उपलब्ध नहीं रहेगा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कारण थोक बाजार बंद रहेगा। 16 अगस्त को भी सब्जियों की आवक नहीं होगी।

3 दिन रहेगी छुट्टी

इसके अगले दिन 17 अगस्त सोमवार का नियमित अवकाश है। लगातार तीन दिनों के इस अंतराल के बाद 18 अगस्त से मंडी में सामान्य गतिविधियां फिर शुरू होंगी। मानसून में आवक कमजोर रहने के कारण सब्जियों के दाम पहले से बढ़े हुए हैं। बाजार में फूलगोभी 60 से 80 रुपए किलो, कोचई 60 रुपए, करेला 60 रुपए, लौकी 30 रुपए, भिंडी 60 रुपए और टमाटर करीब 25 रुपए किलो बिक रहा है। बारिश के मौसम में मशरूम और स्वीट कॉर्न की मांग भी बनी हुई है।

सब्जियों के दाम बढ़ने की संभावना

ऐसे में मंडी से तीन दिन तक नई खेप नहीं आने पर खुदरा बाजार में उपलब्धता के साथ कीमतों में उतार-चढ़ाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। महासमुंद सब्जी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष संतोष चंद्राकर ने बताया कि 15 से 17 अगस्त तक थोक सब्जी बाजार बंद रहेगा। इस अवधि में ताजी सब्जियों की सप्लाई नहीं होगी। 18 अगस्त से मंडी में कारोबार सामान्य रूप से शुरू होगा। फिर लोगों को ताजी सब्जियां मिल सकेंगी।

त्योहारों पर थोक बाजार की सप्लाई रहती है बंद

थोक सब्जी कारोबार में सालभर अलग-अलग मौकों पर अवकाश आता है। होली के दौरान तीन दिन तक मंडी का कामकाज प्रभावित रहता है। दीपावली पर भी कारोबार बंद रहता है। 26 जनवरी को भी थोक बाजार में अवकाश रहता है। इन अवसरों पर मंडी की गतिविधियां रुकने का सीधा संबंध शहर की खुदरा सब्जी व्यवस्था से है। बड़े व्यापारी सामान्य दिनों में रोजाना आने वाली खेप के आधार पर दुकानदारों को माल उपलब्ध कराते हैं। अवकाश के दौरान यह व्यवस्था कुछ समय के लिए थम जाती है। इसलिए खुदरा दुकानदार पहले से सामान जुटाकर रखते हैं, ताकि ग्राहकों की जरूरत पूरी की जा सके। हालांकि सभी सब्जियों का भंडारण संभव नहीं है।

स्टॉक वाले दुकानदारों से चलेगा काम

जिन दुकानदारों ने पहले से माल खरीदकर रखा होगा, वे अपनी उपलब्धता के अनुसार दुकानें खोल सकते हैं। शहर के तुमगांव रोड, बीटीआई रोड, गुरुगोविंद सिंह उद्यान और मचेवा सहित कई हिस्सों में सब्जियों की खुदरा दुकानें संचालित होती हैं। इन जगहों पर ग्राहकों को जरूरत की सब्जियां मिल सकती हैं। हालांकि किस दुकान पर कौन-सी सब्जी उपलब्ध होगी, यह दुकानदार के पास मौजूद स्टॉक पर निर्भर करेगा। 18 अगस्त को थोक बाजार खुलेगा।

Updated on:
14 Aug 2026 01:14 pm
Published on:
14 Aug 2026 01:12 pm
Also Read
View All