
CG Auto Sales: बारिश के मौसम में भी दौड़ा ऑटो बाजार!(photo-patrika)
CG Auto Sales: बारिश के मौसम में जहां आमतौर पर कारोबार की रफ्तार धीमी पड़ जाती है, वहीं छत्तीसगढ़ का ऑटोमोबाइल सेक्टर इस बार उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करता नजर आया। पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और E-20 पेट्रोल को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के बावजूद जुलाई 2026 में राज्य में वाहनों की बिक्री में 8.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई में प्रदेश में कुल 53,194 वाहनों की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 49,138 वाहन बिके थे। यानी एक साल में 4,056 वाहनों की अतिरिक्त बिक्री दर्ज की गई।
ऑटोमोबाइल डीलरों का कहना है कि E-20 पेट्रोल को लेकर लोगों के मन में कई सवाल जरूर हैं, लेकिन इससे वाहन खरीदने का उत्साह कम नहीं हुआ। ग्राहक नई गाड़ी खरीदते समय इंजन की E-20 संगतता (Compatibility), माइलेज और तकनीकी सुविधाओं की जानकारी अधिक ले रहे हैं। इसके बावजूद बाजार में कुल बिक्री में सकारात्मक वृद्धि देखने को मिली।
जुलाई महीने में दोपहिया और अन्य श्रेणियों के वाहनों की बिक्री बेहतर रही, जबकि कारों और ट्रैक्टरों की बिक्री अपेक्षाकृत कम दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि E-20 विवाद और वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों की बढ़ती मांग के कारण कुछ ग्राहक कार खरीदने में सतर्क रहे।
केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश में ऑटोमोबाइल बाजार ने मजबूत प्रदर्शन किया। जुलाई 2026 में देशभर में 25,91,138 वाहन बिके, जबकि जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 20,58,325 था। इस तरह राष्ट्रीय स्तर पर 25.89 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं छत्तीसगढ़ में 8.25 प्रतिशत की ग्रोथ रही।
हाल ही में रायपुर जिला उपभोक्ता आयोग ने E-20 पेट्रोल के कारण एक डॉक्टर की कार खराब होने के मामले में वाहन कंपनी और डीलर को जिम्मेदार ठहराते हुए नई E-20 कम्पेटिबल कार देने या करीब 21 लाख रुपये लौटाने का आदेश दिया था। इस फैसले के बाद प्रदेश में कार खरीदार अधिक सतर्क हो गए हैं। कई ग्राहक अब पेट्रोल कारों के बजाय इलेक्ट्रिक (EV) और CNG वाहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
FADA के प्रदेश अध्यक्ष विवेक गर्ग के अनुसार, स्कूल और कॉलेज खुलने से दोपहिया वाहनों की मांग में बढ़ोतरी हुई है। आने वाले त्योहारी सीजन में वाहन बिक्री और तेज होने की उम्मीद है। डीलरों का मानना है कि यदि बाजार की मौजूदा रफ्तार बनी रही, तो अगले कुछ महीनों में ऑटो सेक्टर नए बिक्री रिकॉर्ड बना सकता है।
Updated on:
10 Aug 2026 07:38 am
Published on:
10 Aug 2026 07:34 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
