
RTE Lottery 2027: नए शिक्षा सत्र 2027-28 में आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए पालकों को एक दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है। इस बार शिक्षा सत्र एक अप्रैल से शुरू करने के शासन के फैसले के कारण प्रवेश प्रक्रिया भी पहले शुरू की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, आवेदन के बाद दस्तावेजों की जांच, त्रुटियों में सुधार और लॉटरी के जरिए चयन की कार्रवाई पूरी की जाएगी। चयनित बच्चों को फरवरी के पहले पखवाड़े तक स्कूलों में दाखिला दिलाना होगा।
यानी आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में नि:शुल्क शिक्षा दिलाने की प्रक्रिया के लिए पालकों के पास आवेदन का सीमित समय रहेगा। नए सत्र के लिए स्कूलों के पंजीयन का काम पूरा हो चुका है। नए स्कूलों के रजिस्ट्रेशन के लिए 25 नवंबर अंतिम तिथि तय की गई थी। अब शिक्षा विभाग का ध्यान विद्यार्थियों के पंजीयन पर है। एक दिसंबर से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर तक चलेगी। इस दौरान पात्र बच्चों के पालक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन की अवधि समाप्त होने के बाद एक से सात जनवरी 2027 तक नोडल अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान संशोधन भी कराया जाएगा। इसके बाद 11 और 12 जनवरी को लॉटरी निकाली जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को 14 जनवरी से 10 फरवरी तक संबंधित स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा।
प्रदेश में आगामी शिक्षा सत्र से शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन की व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि अब छत्तीसगढ़ में भी शिक्षा सत्र एक अप्रैल से प्रारंभ होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य देश के अन्य शिक्षा बोर्डों और मंडलों के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप प्रदेश की व्यवस्था को लाना है। पहले प्रदेश में नया सत्र शुरू होने का समय अलग होने के कारण प्रवेश और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का कार्यक्रम भी उसी हिसाब से निर्धारित होता था। अब नए कैलेंडर के अनुसार प्रवेश संबंधी प्रक्रियाओं को पहले पूरा करने की तैयारी है। इसी वजह से आरटीई के तहत विद्यार्थियों के आवेदन दिसंबर में रखे गए हैं।
महासमुंद जिले में आरटीई के तहत इस बार कितने बच्चों को प्रवेश का अवसर मिलेगा, इसे लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। शिक्षा विभाग की ओर से उपलब्ध सीटों का अंतिम आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। पिछले वर्ष जिले में करीब 350 सीटें उपलब्ध थीं। इस बार सीटों की संख्या में क्या बदलाव होगा, यह स्कूलों से प्राप्त जानकारी और निर्धारित प्रवेश कक्षाओं के आधार पर स्पष्ट होगा। उल्लेखनीय है कि पहले आरटीई के तहत नर्सरी कक्षा से प्रवेश दिया जाता था, लेकिन पिछले साल से पहली कक्षा में भी दाखिले की व्यवस्था लागू की गई है। कक्षाओं में हुए इस बदलाव का असर कुल उपलब्ध सीटों पर पड़ सकता है।
आरटीई के तहत प्रवेश की प्रक्रिया पहले कई महीनों तक चलती थी। मार्च से जून तक प्रथम चरण में आवेदन, सत्यापन और चयन की कार्रवाई होती थी, जबकि जुलाई और अगस्त में दूसरे चरण के दाखिले किए जाते थे। इस तरह पूरी प्रक्रिया अगस्त तक चलती रहती थी। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत एक अप्रैल से होने के कारण इस बार पहले चरण की समय-सारिणी को आगे किया गया है। दिसंबर में आवेदन, जनवरी में लॉटरी और फरवरी में प्रवेश पूरा करने का कार्यक्रम निर्धारित है। आरटीई प्रभारी देवेश ने बताया कि नए सत्र के लिए स्कूलों का पंजीयन पूरा हो चुका है। विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन एक दिसंबर से लिए जाएंगे।