25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Mahasamund / Fake Hospital: महासमुंद में मरीजों की जान से खिलवाड़, न लाइसेंस न डॉक्टर खुल गया ऑपरेशन थिएटर

Fake Hospital: महासमुंद में मरीजों की जान से खिलवाड़, न लाइसेंस न डॉक्टर खुल गया ऑपरेशन थिएटर

Fake Hospital: वैध लाइसेंस व चिकित्सकीय दस्तावेजों के संचालित दो संस्थानों पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की। आंचल नर्सिंग होम में ऑपरेशन का मामला सामने आया।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

महासमुंद

•

image

Love Sonkar

•

Updated: 25 Nov 2026, 3:01 PM IST

Fake Hospital

महासमुंद में बिना लाइसेंस खुल गया ऑपरेशन थिएटर (photo Patrika)

Fake Hospital in Mahasamund: महासमुंद में अस्पताल के नाम पर इलाज का कारोबार, बिना लाइसेंस मरीजों की भर्ती और ऑपरेशन तक की सुविधा। वह भी ऐसे हालात में, जहां मरीजों की देखभाल के लिए न योग्य चिकित्सक मौजूद था और न प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ। कोमाखान का आंचल नर्सिंग होम आठ महीने से इसी तरह संचालित हो रहा था। स्वास्थ्य विभाग को इसकी भनक तब लगी, जब शिकायत मिलने पर औचक निरीक्षण किया गया। सवाल यह है कि जिले में निजी अस्पतालों के पंजीयन और संचालन की निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाला विभाग इतने लंबे समय तक इस गतिविधि से अनजान कैसे रहा? फिलहाल, गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने नर्सिंग होम को सील कर दिया है।

स्वास्थ्य विभाग से सूचना मिली थी

स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि कोमाखान में आंचल नर्सिंग होम का संचालन नर्सिंग होम एक्ट के तहत अनिवार्य पंजीयन और वैध लाइसेंस के बिना किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर गठित निरीक्षण दल ने अस्पताल पहुंचकर जांच की तो वहां की स्थिति चिंताजनक मिली। एक महिला सिजेरियन ऑपरेशन के बाद भर्ती थी, जबकि दूसरी मरीज की नसबंदी (ट्यूबेक्टॉमी) की गई थी। इतने गंभीर उपचार के बाद भी अस्पताल में कोई योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं था।

नर्सिंग स्टाफ की भी व्यवस्था नहीं

प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की भी व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में ऑपरेशन के बाद मरीजों की निगरानी और आपात स्थिति में उपचार की जिम्मेदारी कौन संभाल रहा था, यह भी गंभीर सवाल है। जांच दल ने अस्पताल प्रबंधन से संचालन संबंधी पंजीयन, लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। चार महीने से मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार और ऑपरेशन किया जा रहा था। इस स्वीकारोक्ति से स्पष्ट हुआ कि बिना अनुमति के स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही थीं।

शिकायत के बाद जागा विभाग निगरानी पर सवाल

इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन की जवाबदेही के साथ स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। नर्सिंग होम एक्ट के तहत निजी अस्पतालों का पंजीयन, लाइसेंस और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद एक संस्थान महीनों तक ओपीडी चलाता रहा और मरीजों के ऑपरेशन भी होते रहे। विभागीय निरीक्षण व्यवस्था को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं मिली? क्या जिले के निजी अस्पतालों की नियमित जांच नहीं की जा रही थी? यदि जांच होती रही तो बिना लाइसेंस संचालित इस संस्थान पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई? निरीक्षण दल ने अपनी जांच और पालन प्रतिवेदन सीएमएचओ को सौंपा। संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर उसे विधिवत सील कर दिया।

नेम प्लेट ‘डॉ. राव’ की आधार निकला जावेद अली का फर्जी दवाखाना सील

सरायपाली में दवाखाने के बाहर बोर्ड पर नाम था ‘डॉ. राव दवाखाना’ और अंदर टेबल पर बीएएमएस (एएम) की नेम प्लेट लगी थी, लेकिन जांच में संचालक की पहचान ही अलग निकली। आधार कार्ड की जांच में वह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी जावेद अली पाया गया। चिकित्सकीय डिग्री और पंजीयन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर प्रशासनिक टीम ने दवाखाने को सील कर दिया। साथ ही सात दिन के भीतर वैध दस्तावेज पेश करने का नोटिस जारी किया है। मामला सरायपाली के सरसीवा रोड स्थित ग्राम पतेरापाली का है। सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत मिली थी कि यहां प्रत्येक सोमवार सुबह 9 से शाम 6 बजे तक ‘डॉ. राव दवाखाना’ संचालित किया जाता है।

शिकायत के बाद जागा विभाग

शिकायत में बिना वैध चिकित्सकीय डिग्री और पंजीयन के यौन एवं गुप्त रोगों का उपचार करने का आरोप लगाया गया था। इस पर सोमवार, 23 नवंबर को नायब तहसीलदार, सहायक नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एक्ट), राजस्व निरीक्षक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की संयुक्त टीम ने औचक जांच की। जांच के दौरान दवाखाने के बाहर ‘डॉ. राव’ का बोर्ड और अंदर बीएएमएस (एएम) की नेम प्लेट मिली। मरीजों को परामर्श दे रहे व्यक्ति से टीम ने चिकित्सकीय डिग्री, पंजीयन और पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आधार कार्ड की जांच में उसकी पहचान जावेद अली, पिता महमूद अली, निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। जांच दल के अनुसार, वह अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर डॉ. राव के नाम से दवाखाना चला रहा था।

लाइसेंस के दस्तावेज भी नहीं मिले

जांच में क्लिनिक संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के साथ छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं (अनुज्ञापन) अधिनियम, 2010 के तहत पंजीयन और लाइसेंस के दस्तावेज भी नहीं मिले। इसके बाद टीम ने पंचनामा तैयार कर दवाखाने को बंद कराया और आगामी आदेश तक सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को सात दिन के भीतर चिकित्सकीय योग्यता और पंजीयन से संबंधित वैध दस्तावेज मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद के कार्यालय में प्रस्तुत करने का नोटिस दिया है। निर्धारित समय में दस्तावेज पेश नहीं करने पर नर्सिंग होम एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।