18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Ambikapur / Kabra Elephant Rescue: 19 लोगों की जान ले चुके कबरा कान हाथी को किया गया ट्रेंकुलाइज, गले में लगा डॉट, धीरे धीरे हो रहा बेहोश

Kabra Elephant Rescue: 19 लोगों की जान ले चुके कबरा कान हाथी को किया गया ट्रेंकुलाइज, गले में लगा डॉट, धीरे धीरे हो रहा बेहोश

Kabra Elephant: 19 लोगों की जान लेने वाले उत्पाती कबरा कान हाथी को वन विभाग ने छह दिन की मशक्कत के बाद पकड़ लिया है। कुमकी हाथियों की मदद से चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में बुधवार को सफलता मिली।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अंबिकापुर

•

image

Khyati Parihar

•

Updated: 18 Nov 2026, 1:27 PM IST

Kabra elephant in Surguja forest

Kabra elephant rescue, कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज करने गई थी ये टीम (Photo- Patrika)

अंबिकापुर/उदयपुर। Kabra Kan Elephant Rescue: अविभाजित सरगुजा में अब तक 19 लोगों की जान ले चुके उत्पाती कबरा कान हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने छठवें दिन पकड़ लिया। उदयपुर वन परिक्षेत्र के चकेरी रोड से तेंदूटिकरा जंगल में बुधवार को चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में टीम को सफलता मिली। प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथ राम और दुर्योधन की मदद से विशेषज्ञों की टीम ने कबरा कान को ट्रैंकुलाइज किया। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से उसे पकड़ने के लिए चल रही मशक्कत समाप्त हुई।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने तेंदूटिकरा जंगल में कबरा कान हाथी को ट्रैक करने के बाद ट्रैंकुलाइज करने की कार्रवाई की। हाथी के गले में ट्रैंकुलाइजर गन से डॉट लगाया गया, जिसके बाद वह धीरे-धीरे बेहोश होने लगा। इस पूरे अभियान में प्रशिक्षित कुमकी हाथियों और विशेषज्ञों की अहम भूमिका रही।

जंगल में दो अलग-अलग दलों में दिखे थे हाथी

रेस्क्यू अभियान के दौरान जंगल में हाथियों के दो अलग-अलग दल दिखाई दिए थे। एक दल में 5 और दूसरे में 13 हाथी थे। हालांकि, पांच हाथियों वाले दल में कबरा कान हाथी नजर नहीं आया था। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसकी लोकेशन ट्रैक करने और सुरक्षित तरीके से पकड़ने की रणनीति बनाई। बुधवार को दोबारा अभियान चलाया गया, जिसमें आखिरकार सफलता मिल गई।

16 नवंबर को कुमकी हाथियों से हुई थी भिड़ंत

बता दें कि कबरा कान (Kabra Elephant) समेत अन्य हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सरमा, चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में दो अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे थे। 16 नवंबर को भी वन विभाग ने कुमकी हाथियों की मदद से कबरा कान को काबू में करने की कोशिश की थी। इस दौरान कबरा कान और कुमकी हाथियों के बीच भिड़ंत हो गई थी। कबरा कान ने कुमकी हाथियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। ऐसे में टीम को ट्रैंकुलाइजर गन इस्तेमाल करने का सुरक्षित मौका नहीं मिल पाया था। इसके बाद से ही वन विभाग की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और उसे पकड़ने की योजना तैयार कर रही थी।

चकेरी बस्ती में घुसकर हाथियों ने मार डाली थी भैंस

कबरा कान को पकड़ने के लिए अभियान जारी रहने के बीच हाथियों के दूसरे दल की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत बनी हुई थी। सोमवार रात हाथियों का एक दल चकेरी बस्ती में घुस गया और एक भैंस को मार डाला। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया था। हाथियों की आवाजाही के कारण लोग रातभर जागकर घरों और खेतों की रखवाली करने को मजबूर थे।

Elephants havoc: खेतों में घुसकर धान की फसल कर रहे बर्बाद

रेस्क्यू अभियान के बीच आसपास के गांवों में हाथियों के दूसरे दल खेतों में घुसकर धान की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे। वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों को जंगल के भीतर जाने से रोक रखा था। इससे ग्रामीणों के सामने दोहरी परेशानी खड़ी हो गई थी। एक तरफ खेतों में फसलें बर्बाद हो रही थीं, वहीं दूसरी तरफ हाथियों के डर से रात में घरों में सोना भी मुश्किल हो गया था।

तेंदूटिकरा के ग्रामीण ने बताया कि वन विभाग की ओर से जंगल में जाने से रोका जा रहा है। हाथियों के कारण खेतों में लगी फसलें बर्बाद हो रही हैं। डर के कारण रात में ठीक से नींद भी नहीं आती। वहीं ग्राम सरमा के चरवाहे पीला राम ने बताया कि हाथियों का भय लगातार बना हुआ है। रातभर जागकर रखवाली करनी पड़ रही है। बीती रात हाथी ने भैंस को मार डाला। अब ग्रामीणों को आगे और नुकसान होने की चिंता सता रही है।

हाथियों के अन्य दलों से खतरा

कबरा कान हाथी के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, आसपास के जंगलों में विचरण कर रहे हाथियों के अन्य दलों से खतरा अभी बना हुआ है।