महासमुंद

Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन के लिए महिलाओं की परेशानी खत्म ही नहीं हो रही, आई नई मुसीबत

Government Scheme: महतारी वंदन योजना के तहत 3 लाख 25 हजार 31 आवेदन जमा हो चुके हैं। अब तक 960 दावा-आपत्ति आ चुकी है। सूची में नाम नहीं होने से कई महिलाओं में मायूसी है।

2 min read

Mahasamund News: महतारी वंदन योजना के तहत 3 लाख 25 हजार 31 आवेदन जमा हो चुके हैं। अब तक 960 दावा-आपत्ति आ चुकी है। सूची में नाम नहीं होने से कई महिलाओं में मायूसी है। आवेदनों में नाम त्रुटि व कई महिलाओं की उम्र 21 वर्ष नहीं होने के चलते जारी सूची में उनका नाम नहीं आया है।

योजना के तहत विवाहित महिलाएं ही पात्र होंगी। इसके अलावा महिला की आयु 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। महतारी वंदन योजना के तहत 20 फरवरी तक आवेदन लिए गए। अनंतिम सूची 26 फरवरी को जारी की गई थी। इसके बाद से ही कई महिलाएं आंगनबाड़ियों के चक्कर काट रही हैं। अधिकतर दावा-आपत्तियां ग्रामीण क्षेत्रों से ही आ रही हैं। दावा-आपत्ति निराकरण की अंतिम तिथि 29 फरवरी निर्धारित की गई है। एक मार्च को अंतिम सूची जारी की जाएगी। योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रुपए हर माह मिलेंगे।

डीबीटी के माध्यम से महिलाओं के खाते में सीधे राशि जाएगी। पहली किस्त अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को मिलेगी। महिला व बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर पांडेय ने बताया कि परिवार का कोई भी सदस्य आयकरदाता होने व परिवार का कोई भी सदस्य शासकीय विभाग में कार्यरत होने पर अपात्र हो जाएंगी। इसके अलावा उम्र भी 21 से कम होने पर अपात्र हो जाएंगी।

अंतर की राशि का होगा भुगतान

सामाजिक सहायता कार्यक्रम व विभिन्न पेंशन योजनाओं से पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं को एक हजार रुपए से कम पेंशन राशि प्राप्त होने पर शेष अंतर राशि का भुगतान किया जाएगा। महिला हितग्राहियों को राशि का अंतरण 8 मार्च को किया जाएगा। महिलाओं को अब खाते में राशि आने का इंतजार है। महिलाओं को एक हजार रुपए हर महीने मिलने पर महिलाएं इसका उपयोग आत्मनिर्भर होने में कर सकती हैं। महिलाओं के हाथों में खर्च के लिए हर माह पैसा रहेगा। साल में महिलाओं के खाते में 12 हजार रुपए आएंगे।

महासमुंद ब्लॉक की महिलाओं में उत्साह
महासमुंद विकासखंड की महिलाओं ने योजना का लाभ लेने के लिए उत्साह दिखाया है। लगभग 74 हजार महिलाएं लाभार्थियों की सूची में शामिल हैं। इसके बाद पिथौरा विकासखंड की महिलाओं ने अधिक आवेदन किया है। लगभग 69638 महिलाएं लाभार्थियों की सूची में शामिल हैं। महिलाओं को अब खाता में एक हजार रुपए आने का इंतजार है। ग्रामीण क्षेत्र में योजनाओं का लाभ लेने महिलाओं में ज्यादा उत्साह दिख रहा है।

स्थान ग्रामीण शहरी

पिथौरा 67695 1943

महासमुंद 64038 10051

बागबाहरा 58632 4526

सरायपाली 54679 4607

बसना 54599 2262

तुमगांव ---- 1999

Updated on:
29 Feb 2024 05:24 pm
Published on:
29 Feb 2024 04:26 pm
Also Read
View All