
महासमुंद. भंवरपुर के समीप ग्राम सलखंड में रविवार की दोपहर दो बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने साइकिल सवार एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच ट्रैक्टर चालक के खिलाफ धारा 304 A के तहत अपराध दर्जकर मर्ग कायम कर जांच में लिया है।
भंवरपुर चौकी में पदस्थ उप निरीक्षक पीपी तिर्की ने बताया कि दोपहर दो बजे बिना नंबर वाली आइचर कंपनी का ट्रैक्टर भंवरपुर से साजापाली की ओर आ रही थी, तभी ग्राम सलखंड के पास चालक लापरवाही पूर्वक चलाते हुए साइकिल सवार करीब 30 वर्षीय एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में युवक को गंभीर चोट आने के कारण उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
इधर, सूचना मिलते ही भंवरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। तो देखा कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई और ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतर गई है। मृत युवक की शिनाख्ती के लिए आस-पास गांवों में पूछताछ की गई, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। शव को बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केद्र में भिजवा दिया गया है। बताया जाता है कि घटना के बाद से ट्रैक्टर का चालक भी मौके से फरार हो गया है। तिर्की का कहना है कि मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस जुटी है। शिनाख्त होने पर ही पीएम की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रक पलटा
सीमेंट से भरा ट्रक ग्राम चरौदा फाटक के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि, इस हादसे में चालक-परिचारक को चोट नहीं आई है। जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी 04 जेसी 3955 सीमेंट भरकर रायपुर से ओडिशा की ओर आ रहा था, तभी ट्रक पलट गया।